एशियाई खेलों की तैयारी तेज, गोरखपुर में भारतीय महिला रोइंग टीम का राष्ट्रीय कैंप शुरू

युगवार्ता    27-Mar-2026
Total Views |
रोइंग (प्रतीकात्मक चित्र)


गोरखपुर, 27 मार्च (हि.स.)। एशियाई खेल 2026 की तैयारियों को मजबूत करने के लिए भारतीय महिला रोइंग टीम का राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर शुक्रवार से गोरखपुर में शुरू हो गया। यह कैंप रामगढ़ ताल स्थित वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया जा रहा है।

यह शिविर भारतीय रोइंग महासंघ के अनुरोध पर भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) द्वारा आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होने वाले एशियाई खेलों के लिए खिलाड़ियों को तैयार करना है।

भारतीय रोइंग महासंघ के उपाध्यक्ष और उत्तर प्रदेश रोइंग संघ के सचिव सुधीर शर्मा ने बताया कि चयनित खिलाड़ी और कोच गोरखपुर पहुंच चुके हैं और प्रशिक्षण शुरू हो चुका है। रोइंग स्पर्धाएं 20 से 25 सितंबर के बीच गिफू प्रांत के काइज़ू शहर स्थित नगरागावा इंटरनेशनल रेगाटा कोर्स में आयोजित होंगी।

उन्होंने बताया कि यह 51 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर है, जो उत्तर प्रदेश में पहली बार आयोजित किया जा रहा है। इसमें खिलाड़ी सिंगल स्कल्स, डबल स्कल्स, पेयर्स और फोर्स जैसी विभिन्न श्रेणियों में अभ्यास करेंगे।

इस बीच, पुरुष रोइंग टीम का राष्ट्रीय कैंप पहले से ही पुणे के आर्मी नोड में चल रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, रामगढ़ ताल को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है। यहां का शांत जल खिलाड़ियों की तकनीक सुधारने और प्रदर्शन बेहतर करने में मदद करेगा।

चयनित खिलाड़ी:

किरण (हरियाणा), मृण्मयी सालगांवकर (महाराष्ट्र), रुक्मणी, विंध्या शंकर (मध्य प्रदेश), बी. आनंदी, किरण देवी (ऑल इंडिया पुलिस कंट्रोल बोर्ड/मेघालय), अश्विनी कुमरन, सानिया कृष्णन, अन्ना हेलेन, हीमा टी., एंजल मैरी (केरल), मोनिका बडोरिया, अंशिका भारती (ओडिशा)।

कोच:

राजेश कुमार (सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड), ममता जेना (ऑल इंडिया पुलिस कंट्रोल बोर्ड)।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags