
नई दिल्ली, 28 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए असम और पुडुचेरी में पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता से संवाद करने को लेकर उत्साह व्यक्त किया है। वे 30 मार्च को ‘नमो ऐप’ के माध्यम से ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि असम ने पिछले एक दशक में उल्लेखनीय विकास किया है और राज्य की प्रगति सभी के सामने है। उन्होंने विश्वास जताया कि असम में लोग राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को एक बार फिर समर्थन देंगे और राज्य आने वाले पांच वर्षों तक ‘डबल इंजन सरकार’ के साथ आगे बढ़ेगा।
प्रधानमंत्री ने बताया कि वे 30 मार्च की दोपहर असम के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और चुनावी रणनीति तथा संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा करेंगे।
इसी तरह एक अन्य पोस्ट में प्रधानमंत्री ने पुडुचेरी का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में राजग सरकार ने केंद्र शासित प्रदेश की जनता की आकांक्षाओं को पूरा किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि पुडुचेरी की जनता एक बार फिर राजग को समर्थन देगी।
प्रधानमंत्री 30 मार्च को शाम 5:30 बजे पुडुचेरी के पार्टी कार्यकर्ताओं से भी संवाद करेंगे। यह संवाद कार्यक्रम भाजपा के संगठनात्मक अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं से सीधे जुड़कर चुनावी तैयारियों को मजबूत करना है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर