उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन पहुंचे रांची, उलिहातू में बिरसा मुंडा को देंगे श्रद्धांजलि,आईआईएम के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल

युगवार्ता    28-Mar-2026
Total Views |
उपराष्ट्रपति का स्वागत करते राज्यपाल


रक्षा राज्य मंत्री सहित अन्य राष्ट्रपति का स्वागत करते


रांची, 28 मार्च (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन शनिवार को भारतीय वायु सेना के विशेष विमान से रांची पहुंचे। उनका विमान बिरसा मुंडा हवाई अड्डा पर उतरा, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

उपराष्ट्रपति के पदभार संभालने के बाद यह उनका झारखंड का पहला दौरा है। हवाई अड्डे पर मौजूद अधिकारियों और नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हुए अभिवादन किया।

रांची पहुंचने के बाद उपराष्ट्रपति हेलीकॉप्टर से खूंटी जिले के उलिहातू गांव के लिए रवाना हुए। यह गांव महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा का जन्मस्थान है। वहां वे बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और उनके परिजनों से मुलाकात भी करेंगे।

इसके बाद उपराष्ट्रपति रांची लौटकर भारतीय प्रबंधन संस्थान, रांची के 15वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे। इस समारोह में सात मेधावी छात्रों को पदक और उपाधियां प्रदान की जाएंगी, जबकि कुल 558 छात्रों को डिग्रियां दी जाएंगी।

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहेंगी।

उल्लेखनीय है कि सी. पी. राधाकृष्णन इससे पहले झारखंड के राज्यपाल के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Tags