केंद्र ने एनएच-167 के गुडेबेल्लूर-महबूबनगर खंड को चार लेन बनाने का ठेका किया जारी, 1734 करोड़ की परियोजना

युगवार्ता    28-Mar-2026
Total Views |
एनएचएआई ने हाईवे निर्माण के लिए मजार की दो मीनारें हटाईं


नई दिल्ली, 28 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने (एनएचएआई) तेलंगाना में राष्ट्रीय राजमार्ग-167 के गुडेबेल्लूर से महबूबनगर खंड को चार लेन बनाने के लिए 1734 करोड़ रुपये की परियोजना का ठेका जारी किया है। यह परियोजना 80 किलोमीटर लंबी है और हैदराबाद-पणजी आर्थिक कॉरिडोर का हिस्सा है, जिसे फरवरी 2026 में मंत्रिमंडलीय आर्थिक कार्य समिति ने मंजूरी दी थी।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अनुसार, यह परियोजना हाइब्रिड वार्षिकी मॉडल के तहत केएनआर कंस्ट्रक्शंस लिमिटेड को दी गई है। परियोजना के तहत पांच बड़े पुल, 36 छोटे पुल, 260 पुलिया, 11 वाहन अंडरपास, 22 एलवीयूपी, एक रेल ओवरब्रिज या अंडरब्रिज, 48 किलोमीटर सर्विस रोड और 56 किलोमीटर स्लिप रोड का निर्माण किया जाएगा।

वर्तमान में इस मार्ग पर गुडेबेल्लूर, मगनूर, मक्तल, मरिकल, देवर्कद्रा, जकलैर, येलिगंडला और बंडरपल्ली जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में यातायात जाम और देरी की समस्या बनी रहती है। परियोजना के पूरा होने से यातायात बाधाएं कम होंगी, सड़क सुरक्षा बेहतर होगी और माल व यात्री आवागमन सुगम होगा।

यह परियोजना मल्टीमोडल कनेक्टिविटी को भी मजबूत करेगी। इसके तहत तीन पीएम गतिशक्ति आर्थिक नोड, नौ सामाजिक नोड और सात लॉजिस्टिक नोड आपस में जुड़ेंगे। साथ ही हैदराबाद के औद्योगिक और वाणिज्यिक केंद्रों, जिसमें हैदराबाद-बेंगलुरु औद्योगिक कॉरिडोर, फार्मा और मेडिकल क्लस्टर तथा विशेष आर्थिक क्षेत्र शामिल हैं, तक बेहतर संपर्क स्थापित होगा।

चार लेन राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण से महबूबनगर, नारायणपेट, रायचूर, देवर्कद्रा, मक्तल और हैदराबाद जैसे प्रमुख शहरों और कस्बों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इसके साथ ही क्षेत्र के धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच भी आसान होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags