जिंदल पैंथर की शानदार वापसी, जयपुर अचीवर्स को 9–8 से हराकर दर्ज की रोमांचक जीत

युगवार्ता    29-Mar-2026
Total Views |
जिंदल पैंथर की शानदार वापसी, जयपुर अचीवर्स को 9–8 से हराकर दर्ज की रोमांचक जीत


नई दिल्ली, 29 मार्च (हि.स.)। नॉर्दर्न इंडिया पोलो चैंपियनशिप के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में जिंदल पैंथर ने आखिरी क्षणों में शानदार वापसी करते हुए जयपुर अचीवर को 9–8 से हराकर यादगार जीत दर्ज की। मुकाबले के हीरो रहे जुआन ग्रिस ज़ावालेटा, जिन्होंने अंतिम सेकंड में निर्णायक गोल कर टीम को जीत दिलाई।

मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पहले चुक्कर के बाद स्कोर 1–1 से बराबरी पर रहा, जिसमें नवीन जिंदल ने पैंथर के लिए बराबरी का गोल दागा। दूसरे चुक्कर में जिंदल पैंथर ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 4–2 की बढ़त बना ली, जिसमें सिद्धांत शर्मा और जुआन जवालेटा की अहम भूमिका रही।

तीसरे चुक्कर में अलेजो अरम्बुरु के नेतृत्व में जयपुर अचीवर्स ने शानदार वापसी की और स्कोर 5–4 कर दिया। चौथे चुक्कर में मुकाबला और रोमांचक हो गया, जहां जुआन जवालेटा ने स्कोर 5–5 से बराबर किया, लेकिन इसके बाद अचीवर्स ने लगातार दो गोल कर फिर बढ़त बना ली।

पांचवें चुक्कर के अंत तक जयपुर अचीवर्स 8–5 से आगे था और मैच लगभग उनके कब्जे में नजर आ रहा था। सवाई पद्मनाभ सिंह ने भी इस दौरान गोल कर टीम की बढ़त मजबूत की।

हालांकि, अंतिम चुक्कर में जिंदल पैंथर ने जबरदस्त वापसी की। रामिरो जावालेटा और जुआन जवालेटा के गोलों से टीम ने स्कोर 8–8 कर लिया। मैच के आखिरी क्षणों में पैंथर को पेनल्टी मिली, जिसे 29 सेकंड शेष रहते जुआन ग्रिस जवालेटा ने सफलतापूर्वक गोल में बदलकर टीम को 9–8 से जीत दिला दी।

जावालेटा ने मैच में कुल पांच गोल दागकर शानदार प्रदर्शन किया, जबकि रामिरो जवालेटा ने दो और नवीन जिंदल ने एक गोल का योगदान दिया। जयपुर अचीवर्स के लिए अलेहो अरामबुरू ने भी पांच गोल किए, जबकि डैनियल ओटामेंडी ने दो और सवाई पद्मनाभ सिंह ने एक गोल किया।

मैच के बाद नवीन जिंदल ने टीम के जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि आखिरी चुक्कर में 8–5 से पीछे होने के बावजूद टीम को अपनी जीत पर भरोसा था और खिलाड़ियों ने दबाव में बेहतरीन संयम दिखाया।

उन्होंने आगे कहा कि पोलो भारत का दुनिया को दिया गया एक महत्वपूर्ण खेल है और इसे आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही, उन्होंने भविष्य में पोलो को ओलंपिक खेलों में फिर से शामिल किए जाने की उम्मीद भी जताई।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags