छात्रों से लेकर गृहिणियों तक: डीएमके के चुनावी घोषणापत्र में बड़े ऐलान

युगवार्ता    29-Mar-2026
Total Views |
முதலமைச்சர் மு.க.ஸ்டாலின்


चेन्नई, 29 मार्च (हि.स.)। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के मद्देनजर द्रविड़ मुनेत्र कड़गम ने आज (रविवार, 29 मार्च) चेन्नई के अन्ना अरिवालयम में अपना चुनावी घोषणापत्र जारी किया।

इससे पहले, पार्टी अध्यक्ष और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने 164 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी। चुनावी घोषणापत्र समिति, जिसका नेतृत्व सांसद कनिमोझी ने किया, ने कुछ दिन पहले यह रिपोर्ट स्टालिन को सौंपी थी।

घोषणापत्र जारी करते हुए स्टालिन ने प्रमुख वादों की घोषणा की।

डीएमके के प्रमुख चुनावी वादे-

शिक्षा-

मुख्यमंत्री नाश्ता योजना को 1 से 5वीं कक्षा से बढ़ाकर 8वीं कक्षा तक किया जाएगा, जिससे अतिरिक्त 15 लाख छात्र लाभान्वित होंगे।

महिलाओं के लिए-

महिला अधिकार भत्ता ₹1,000 से बढ़ाकर ₹2,000 प्रति माह किया जाएगा। गृहिणियों को घरेलू उपकरण खरीदने के लिए ₹8,000 का कूपन दिया जाएगा (वॉशिंग मशीन, टीवी, फ्रिज आदि के लिए)।

किसानों के लिए-

20 लाख से अधिक किसानों को मुफ्त बिजली के साथ आधुनिक पंपसेट दिए जाएंगे, जिनमें मीटर नहीं लगाया जाएगा। धान खरीद मूल्य ₹3,500 प्रति क्विंटल और गन्ना ₹4,500 प्रति टन किया जाएगा।

आवास-

अगले 5 वर्षों में 10 लाख नए घर बनाए जाएंगे।

स्वास्थ्य-

मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना की आय सीमा ₹5 लाख और बीमा कवर ₹10 लाख तक बढ़ाया जाएगा।

उच्च शिक्षा-

“पुधुमैपेन” और “तमिल पुथलवन” योजनाओं के तहत मिलने वाली छात्रवृत्ति ₹1,000 से बढ़ाकर ₹1,500 प्रति माह की जाएगी।

सामाजिक सुरक्षा-

वृद्धावस्था पेंशन ₹1,200 से बढ़ाकर ₹2,000 की जाएगी। दिव्यांगजन पेंशन ₹1,500 से बढ़ाकर ₹2,500 की जाएगी।

यह घोषणापत्र छात्रों, महिलाओं, किसानों और आम जनता को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। चुनावी माहौल में इन वादों से राजनीतिक मुकाबला और तेज होने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Tags