ईरान ने अमेरिका और इजराइल के हवाई बुनियादी ढांचे को बनाया निशाना

युगवार्ता    29-Mar-2026
Total Views |
सांकेतिक


तेहरान, 29 मार्च (हि.स.)। इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि उसने ‘ट्रू प्रॉमिस 4’ ऑपरेशन के तहत हमलों की नई लहर में अमेरिका और इज़राइल से जुड़े हवाई और ड्रोन बुनियादी ढांचे के साथ-साथ क्षेत्रीय सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। उसके मुताबिक, रविवार तड़के शुरू हुए इस अभियान में मिसाइल और ड्रोन हमलों के जरिए कई रणनीतिक ठिकानों पर कार्रवाई की गई।

ईरान की अर्ध सरकारी समाचार संस्था तसनीम न्यूज एजेंसी ने इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स (आईआरजीसी) के हवाले से बताया कि उसने जवाबी हमलों की ताज़ा लहर में अमेरिका और इजराइली हवाई और ड्रोन बुनियादी ढांचे के साथ-साथ कई क्षेत्रीय जगहों पर उनकी सेनाओं के ठिकानों को निशाना बनाया है।

आईआरजीसी ने 29 मार्च को जारी बयान में बताया था कि 'ट्रू प्रॉमिस-4' ऑपरेशन की 86वीं लहर रविवार तड़के कई चरणों में शुरू की गई। इसमें आईआरजीसी की एयरोस्पेस फोर्स और नौसेना बलों द्वारा क्षेत्र में अमेरिका और इजराइली ठिकानों के खिलाफ समन्वित मिसाइल और ड्रोन हमले शामिल थे।

ऑपरेशन के पहले चरण में मिसाइल और ड्रोन हमलों ने अमेरिकी ठिकानों विक्टोरिया, आरिफजान और अल खर्ज में हवाई और ड्रोन ऑपरेशनल बुनियादी ढांचे के साथ-साथ हथियारों के जखीरों को निशाना बनाया।

आईआरजीसी ने बताया कि बाद के चरणों में अमेरिका और इजराइल की सेनाओं के ठिकानों के साथ-साथ कोमाला समूह से जुड़े तत्वों को विभिन्न क्षेत्रों अराद, नेगेव, तेल अवीव, एरबिल, अमेरिकी फिफ्थ फ्लीट और अल धफरा काे निशाना बनाया गया।

अमेरिका और इजराइल ने 28 फरवरी को ईरान पर संयुक्त रुप से हमला किया था। इस हमले में ईरान के सर्वाेच्च नेता अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई समेत कई वरिष्ठ सैन्य कमांडरों और नागरिकों की माैत हाे गई थी। इन हमलों से ईरान के सैन्य और नागरिक ठिकानों काे भारी जान-माल का नुकसान हुआ और बुनियादी ढांचे को व्यापक क्षति पहुंची। इसके जवाब में ईरान ने कार्रवाई करते हुए कब्जे वाले क्षेत्रों और क्षेत्रीय ठिकानों पर मौजूद अमेरिकी और इजरायली ठिकानों को मिसाइलों और ड्रोन की लहरों से निशाना बनाया है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Tags