
नोट: डेटलाइन में संशोधन के बाद इस समाचार को पुनः जारी किया गया है।
चतरा, 30 मार्च (हि.स.) । झारखंड के चतरा से सांसद कालीचरण सिंह ने सोमवार को नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से शिष्टाचार मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान न केवल औपचारिक संवाद हुआ, बल्कि क्षेत्रीय आस्था और सांस्कृतिक विरासत की विशेष झलक भी देखने को मिली।
मुलाकात के दौरान सांसद कालीचरण सिंह ने राष्ट्रपति को चतरा की अधिष्ठात्री देवी मां भद्रकाली का प्रतीक चिन्ह भेंट किया। यह भेंट न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक थी, बल्कि झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और स्थानीय पहचान को भी दर्शाती है।
इस अवसर पर सांसद ने राष्ट्रपति को झारखंड की पावन धरती की विशेषताओं से अवगत कराया। खासतौर पर उन्होंने मां भद्रकाली मंदिर और कौलेश्वरी धाम की धार्मिक महत्ता, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और श्रद्धालुओं के बीच उनकी आस्था के महत्व की जानकारी साझा की।
सांसद ने बताया कि ये दोनों धार्मिक स्थल न केवल झारखंड बल्कि देशभर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था के प्रमुख केंद्र हैं, जहां वर्षभर बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
मुलाकात के दौरान सांसद कालीचरण सिंह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को चतरा आने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया। उन्होंने आग्रह किया कि राष्ट्रपति मां भद्रकाली और मां कौलेश्वरी की पवित्र धरती पर पधारें, जिससे क्षेत्र के लोगों को उनका आशीर्वाद प्राप्त हो सके और क्षेत्र की धार्मिक व सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूती मिले।------------------
हिन्दुस्थान समाचार