एनसीएल ने समय से पहले 140 मिलियन टन कोयला उत्पादन का लक्ष्य किया हासिल

युगवार्ता    30-Mar-2026
Total Views |
कोयला उतपादन के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 30 मार्च (हि.स)। सिंगरौली स्थित कोल इंडिया की सहायक कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने चालू वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 140 मिलियन टन(एमटी) का वार्षिक कोयला उत्पादन का लक्ष्य समय से पहले हासिल कर लिया है। कंपनी ने देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती देते हुए लगातार अपनी शानदार प्रदर्शन विरासत को बरकरार रखा है।

कोयला मंत्रालय ने सोमवार को जारी एक बयान में बताया कि सिंगरौली स्थित कोल इंडिया की प्रमुख सहायक कंपनी एनसीएल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित 140 मिलियन टन कोयला उत्पादन के अपने वार्षिक लक्ष्य को समय से पहले 30 मार्च (पहली पाली के बाद) को ही हासिल कर लिया। कंपनी ने अपनी 10 अत्याधुनिक मशीनीकृत खुली खदानों के साथ एनसीएल ने पिछले एक दशक से लगातार अपने वार्षिक उत्पादन लक्ष्यों को पूरा करने की अपनी विरासत को बनाए रखा है, जो इसके उत्कृष्ट प्रदर्शन को दर्शाता है।

मंत्रालय ने कहा कि कोल इंडिया लिमिटेड की प्रमुख सहायक कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड देश की ऊर्जा सुरक्षा को बनाए रखने में एक महत्वपूर्ण स्तंभ के रूप में उभरी है। वर्तमान ऊर्जा परिदृश्य में घरेलू रूप से उत्पादित कोयले ने एक बार फिर देश के विद्युत क्षेत्र की विश्वसनीय आधारशिला के रूप में स्वयं को सिद्ध किया है। इस संदर्भ में एनसीएल का निरंतर और बढ़ा हुआ उत्पादन ताप विद्युत संयंत्रों को निर्बाध कोयला आपूर्ति सुनिश्चित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है।

कोयला मंत्रालय ने बताया कि इस उपलब्धि पर एनसीएल के प्रबंधन ने अटूट प्रतिबद्धता, दृढ़ता और अथक प्रयासों के लिए अपनी टीम (एनसीएल) के समर्पित प्रयासों और सहयोग के लिए सभी हितधारकों की सराहना की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags