संघ प्रमुख मोहन भागवत 17 जून को उदयपुर के दौरे पर

युगवार्ता    30-Mar-2026
Total Views |
महाराणा प्रताप जयंती पर 17 जून उदयपुर आएंगे सरसंघचालक डॉ. भागवत


महाराणा प्रताप जयंती पर 17 जून उदयपुर आएंगे सरसंघचालक डॉ. भागवत


उदयपुर, 30 मार्च (हि.स.)। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अंतर्गत संचालित प्रताप गौरव केंद्र 'राष्ट्रीय तीर्थ' इस बार महाराणा प्रताप जयंती और हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु:शती समारोह वृहद रूप से मनाएगा।

प्रताप गौरव केन्द्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने सोमवार को बताया कि यह संयोग है कि महाराणा प्रताप जयंती ज्येष्ठ शुक्ल तृतीया 17 जून को है और हल्दीघाटी विजय दिवस 18 जून को, इसी संयोग के साथ महत्वपूर्ण यह भी है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत इस पावन अवसर पर 17 जून को उदयपुर में रहेंगे। इसी निमित्त प्रताप गौरव केंद्र के तत्वावधान में सर्व समाज की सहभागिता से संभाग स्तरीय शौर्य सभा का आयोजन किया जाएगा जिसे सरसंघचालक संबोधित करेंगे। इसी शौर्य सभा में हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु:शती समारोह के तहत वर्षभर से चल रहे आयोजनों का समापन भी होगा।

सक्सेना ने बताया कि 17 जून को होने वाले इस विशाल आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस संबंध में प्रताप गौरव केंद्र में हुई बैठक में समिति के अध्यक्ष प्रो. भगवतीप्रकाश शर्मा, महामंत्री दीपक शुक्ल, कोषाध्यक्ष सीए महावीर चपलोत, साधारण सभा के सदस्य डॉ. कैलाश सोडाणी, अशोक सिंह मेतवाला आदि ने आयोजन की आरंभिक रूपरेखा प्रस्तुत की। इसके बाद बैठक में उपस्थित शहर के गणमान्यजनों, विभिन्न समाजों के प्रबुद्धजनों, जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार और सुझाव रखे।

बैठक को संबोधित करते हुए समिति के सम्पर्क अधिकारी हनुमान सिंह राठौड़ ने आह्वान किया कि महाराणा प्रताप हमारे हैं, राष्ट्र के गौरव हैं, ऐसे में सभी का दायित्व है कि महाराणा प्रताप की गौरवगाथा आने वाली पीढ़ी तक पहुंचे भी और नई पीढ़ी मेवाड़ के गौरव पर गर्वित हो। इस भाव को जन—जन तक पहुंचाने के लिए सभी निरंतर चिंतन का संकल्प करें।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Tags