
- एमपी-यूपी सहयोग सम्मेलन में विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट-महाकालेश्वर मंदिर ट्रस्ट और ओडीओपी उत्पादों के क्षेत्र में मप्र-उप्र के बीच हुआ एमओयू
भोपाल, 31 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश साझा विरासत के साथ आगे बढ़ रहे हैं। इस क्रम में आज आयोजित एमपी-यूपी सहयोग सम्मेलन भविष्य की संभावनाओं को आधार प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को वाराणसी में एमपी-यूपी सहयोग सम्मेलन के शुभारंभ सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम दुनिया के सात पवित्र स्थानों में शामिल है, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कर्मक्षेत्र भी है। उनके नेतृत्व में देश निरंतर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत सशक्त राष्ट्र बनकर उभरा है, जो स्थिरता, संभावनाओं और भरोसे का प्रतीक है। उनके नेतृत्व में हम विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर हैं।
उन्होंने कहा कि वाराणसी की तरह उज्जैन भी धार्मिक और सांस्कृतिक रूप से विशेष महत्व रखता है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दोनों ही शहरों में धार्मिक पर्यटन की बड़ी संभावनाओं को देखते हुए विकास कार्यों की शुरुआत की गई है। दोनों राज्यों के बीच भौगोलिक रिश्ते होने के साथ सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक संबंध रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमताओं, पारम्परिक शिल्प, ओडीओपी और जीआई टैग उत्पादों, कृषि एवं खाद्य उत्पादों, निवेश अवसरों और पर्यटन संभावनाओं को एक साझा मंच देने के उद्देश्य से आयोजित सहयोग सम्मेलन का वाराणसी के होटल रामाडा में दीप प्रज्जवलित कर शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की उपस्थिति में काशी विश्वनाथ विशिष्ट क्षेत्र विकास प्राधिकरण और श्री महाकाल मंदिर प्रबंधन समिति तथा ओडीओपी की पहल को मजबूत करने, स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने तथा अंतर्राज्यीय सहयोग के माध्यम से आर्थिक विकास को गति प्रदान करने के लिये उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के मध्य दो महत्वपूर्ण एमओयू हुए।
केन्द्रीय मंत्री शाह के संकल्प से देश ने किया लाल सलाम को आखिरी सलाम
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प से देश ने लाल सलाम को आखिरी सलाम किया है। नक्सलवाद लोकतंत्र की स्थापना के लिए बड़ी चुनौती था। मध्य प्रदेश अब नक्सल मुक्त हो चुका है। इससे प्रदेश के विकास और औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में सुशासन के नये प्रतिमान स्थापित किए है। उत्तर प्रदेश के अधिकारियों ने भी कानून-व्यवस्था के साथ विकास की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है।
केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना दोनों राज्यों के लिए महत्वपूर्ण
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश अपनी नीति आधारित पारदर्शिता, उद्योगों के लिए उपलब्ध विशाल भूमि बैंक, विश्वसनीय बिजली आपूर्ति, बेहतर कनेक्टिविटी और निवेशक हितैषी वातावरण के साथ नए अवसरों का केन्द्र बन रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना के कार्यों की शुरुआत हुई है। इसका लाभ मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड और उत्तर प्रदेश के जिलों को भी मिलेगा। यह परियोजना सिंचाई के साथ पेयजल सुविधा भी उपलब्ध कराएगी।
मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों के लिए यह स्थिति नये प्रयासों और नये सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण संभावनाएं पैदा कर रही है। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश मिलकर मुरैना में 2000 मेगावॉट के सोलर एनर्जी प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में सिंहस्थ के आयोजन के लिए हर तरह के प्रबंधन की तैयारियां चल रही है। प्रयागराज में ऐतिहासिक महाकुंभ के आयोजन की व्यवस्थाओं के अध्ययन से सिंहस्थ के बेहतर प्रबंधन में मदद मिलेगी। इस संदर्भ में आज विश्वनाथ कॉरिडोर की व्यवस्थाओं को भी समझा है।
मध्य प्रदेश में औद्योगिक विकास के लिए अनंत संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार उद्योग और निवेश गतिविधियों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ रही है। मध्य प्रदेश वर्ष 2025 को उद्योग एवं रोजगार वर्ष के रूप में मनाने के बाद वर्तमान वर्ष 2026 में कृषि पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़कर 55 लाख हैक्टेयर हो गया है। राज्य में औद्योगिक विकास के लिए अनंत निवेश संभावनाएं हैं। प्रदेश से 70 हजार करोड़ से अधिक का निर्यात हो रहा है। प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 40 हो गई है। राज्य सरकार अस्पताल खोलने के लिए 1 रुपये लीज पर 30 एकड़ जमीन उपलब्ध करा रही है।
ओडीओपी से बढ़ा उत्तर प्रदेश का निर्यात: सचान
उत्तर प्रदेश के एमएसएमई मंत्री राकेश सचान ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का बड़ा राज्य है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 9 साल के नव निर्माण में डबल इंजन की सरकार ने अनेक जन हितैषी निर्णय लिए हैं। प्रदेश में इंफ्रॉस्ट्रक्चर का तेजी से विकास हुआ है। एमएसएमई की यहाँ 96 लाख ईकाइयां हैं, जो कृषि के बाद सबसे अधिक 3 करोड़ लोगों को रोजगार दे रही हैं। राज्य सरकार ने 2018 में ओडीओपी प्रोग्राम की शुरुआत की थी। ओडीओपी उत्पादकों से प्रदेश का निर्यात बढ़ा है। ओडीओपी प्रोडक्ट्स को शोकेस करने के लिए अब तक 3 इंटरनेशनल ट्रेड फेयर आयोजित किए जा चुके हैं। युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए बिना ब्याज के 5 लाख रूपये तक का लोन प्रदान किया जा रहा है। मध्य प्रदेश के धार में प्रधानमंत्री मोदी ने वृहद स्तरीय पीएम मित्र पार्क की नींव रखी है। इसी प्रकार से बनारस में 100 एकड़ भूमि पर टेक्सटाइल पार्क का भूमि-पूजन प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव का काशी आगमन एक सुखद संयोग
उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास तथा निर्यात एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' ने कहा कि बाबा महाकाल के अनन्य भक्त मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. यादव का बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में आगमन एक सुखद सौभाग्य है। बेहद सरल स्वभाव के मुख्यमंत्री डॉ. यादव जनता के मन में छाप छोड़ने वाले लोकप्रिय राजनेता हैं। उनके प्रशासनिक निर्णय कठोर होते हैं, मध्य प्रदेश सरकार में लापरवाही बर्दाश्त नहीं है। यह आयोजन दोनों राज्यों के बीच गहरी समझ का स्पष्ट उदाहरण है। बघेलखंड, ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड के लोगों के साथ उत्तर प्रदेश का विशेष संबंध है। कर्मयोगी मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश निवेशकों के लिए सबसे बेहतर डेस्टिनेशन है। हमारा उद्देश्य युवाओं को उद्यमी बनाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर