मुख्यमंत्री निवास में रंगों और फूलों की होली, डॉ. मोहन यादव ने कार्यकर्ताओं और आमजन के साथ मनाया उत्सव

युगवार्ता    04-Mar-2026
Total Views |
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास में नागरिकों के साथ होली का पर्व हर्षोल्लास से मनाया।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास में नागरिकों के साथ होली का पर्व हर्षोल्लास से मनाया।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास में नागरिकों के साथ होली का पर्व हर्षोल्लास से मनाया।


भोपाल, 04 मार्च (हि.स.)। राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री निवास पर इस वर्ष होली का पर्व उत्साह, उमंग और सामाजिक समरसता के माहौल में धूमधाम से मनाया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं, पत्रकारों और आम नागरिकों के साथ रंग-गुलाल लगाकर होली खेली और प्रदेशवासियों को इस पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री निवास में होली के अवसर पर विशेष और भव्य तैयारियां की गई थीं। परिसर को रंग-बिरंगे गुलाल और फूलों से सजाया गया था, जिससे पूरे वातावरण में उत्सव की रंगीन छटा दिखाई दे रही थी। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पत्रकार और आमजन मुख्यमंत्री निवास पहुंचे और सभी ने मिलकर होली के इस पर्व को उत्साहपूर्वक मनाया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उपस्थित लोगों के साथ गुलाल लगाकर और रंगों से होली खेलते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री निवास में चारों ओर रंगों की बौछार और खुशियों का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में पारंपरिक तरीके से फूलों की होली भी खेली गई, जिसने उत्सव के माहौल को और अधिक आनंदमय बना दिया। रंगों के साथ फूलों की खुशबू ने इस आयोजन को खास बना दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देने वाला उत्सव है। उन्होंने सभी लोगों से आपसी सद्भाव बनाए रखने और खुशियों को साझा करने की अपील की।

मुख्यमंत्री निवास में आयोजित इस होली समारोह में शामिल लोगों ने भी मुख्यमंत्री के साथ होली खेलते हुए उत्सव का भरपूर आनंद लिया। रंगों, गुलाल और फूलों के बीच मनाई गई इस होली ने सभी को एक साथ जोड़ने का संदेश दिया। पूरे आयोजन के दौरान हंसी-खुशी और उत्साह का माहौल बना रहा।

इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से भी प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि उत्साह, उमंग और समरसता के पावन पर्व होली की समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उन्होंने कामना की कि यह पर्व हर आंगन में सुख, शांति और समृद्धि के नए रंग लेकर आए।

मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया संदेश में यह भी कहा कि होली का यह पावन उत्सव समाज में सद्भाव, सकारात्मकता और एकता के रंगों को और अधिक प्रगाढ़ बनाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पर्व लोगों के जीवन में नई खुशियां और नई ऊर्जा लेकर आएगा।---------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी

Tags