नेपाल के मतदान केंद्र पर एक साथ बीमार हुए सभी कर्मचारी, हेलीकॉप्टर से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया

युगवार्ता    04-Mar-2026
Total Views |
बीमार मतदानकर्मियों का हेलीकॉप्टर से उद्धार


काठमांडू, 04 मार्च (हि.स.)। हिमालयी क्षेत्र में डोल्पा के ऊपरी क्षेत्र में स्थित एक मतदान केंद्र पर सभी कर्मचारी एक साथ बीमार हो गए हैं, जिसके बाद उन सभी को हेलीकॉप्टर से निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

जिला प्रशासन कार्यालय के अनुसार शे-फोक्सुण्डो गांवपालिका, फोतगांव स्थित वार्ड कार्यालय भवन में बने मतदान केंद्र पर तैनात सभी पांच कर्मचारी बुधवार की सुबह ठंडे मौसम और ऑक्सीजन की कमी के कारण बीमार पड़ गए। उन्हें कुछ समय पहले नेपाली सेना के हेलीकॉप्टर के माध्यम से रेस्क्यू किया गया। इनमें जिला अदालत के सहायक कर्मचारी गोर्खबहादुर थापा, साल्ट ट्रेडिङ कर्पोरेशन के कार्यालय सहयोगी धनबहादुर महतरा तथा तीन निर्वाचन प्रहरी कृष्ण झाँक्री, आत्मराम बोहोरा और इन्द्रमान धरला हैं। यह सभी बुखार, सिरदर्द, खांसी, उल्टी और सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्याओं से ग्रस्त हो गए थे। हेलीकॉप्टर से निकालने के बाद इन सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल डोल्पा भेजा गया है।

प्रशासन ने बताया कि यह मतदान केंद्र जिला सदरमुकाम दुनै से पैदल लगभग छह दिन की दूरी पर अत्यंत दुर्गम क्षेत्र में स्थित है। तत्काल स्वास्थ्य सेवा पहुंचाने में कठिनाई होने के कारण हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू करना पड़ा। उक्त मतदान केंद्र पर कुल 40 मतदाता हैं। चुनाव के लिए मतदाताओं को भी हेलीकॉप्टर के माध्यम से मतदान केंद्र तक पहुंचाया गया था। मतदान केंद्र पर तैनात कर्मचारियों के बीमार पड़ने के बाद वहां आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्था करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags