
काठमांडू, 04 मार्च (हि.स.)। नेपाल में 5 मार्च को होने वाले संसदीय चुनाव में मतदान करने के लिए राजधानी काठमांडू से पिछले ५ दिनों में 8 लाख 84 हजार 95 यात्री देश के अन्य जिलों में जा चुके हैं। चुनाव के कारण हाल के दिनों में राजधानी छोड़ने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ी है। इसके चलते इन दिनों राजधानी की सड़कें प्रायः सुनसान दिखाई दे रही हैं।
काठमांडू के ट्रैफिक पुलिस कार्यालय के डीएसपी सुनिल जंग शाह ने बताया कि इस समय राजधानी की सड़कों पर सार्वजनिक और निजी वाहनों की आवाजाही कम हो गई है। उन्होंने कहा कि चुनाव के कारण बड़ी संख्या में यात्री राजधानी से बाहर गए हैं। इससे पिछले कुछ दिनों से ट्रैफिक प्रबंधन में कोई विशेष समस्या नहीं है, क्योंकि सड़कों पर चलने वाले वाहनों की संख्या काफी कम है। अधिकांश ट्रैफिक पुलिसकर्मी चुनाव सुरक्षा में तैनात हैं, इस कारण सीमित जनशक्ति से ट्रैफिक व्यवस्था संभाली जा रही है।
डीएसपी शाह के अनुसार राजधानी से बाहर जाने वाले वाहनों की जांच काठमांडू के नागढुंगा, बालाजु, सामाखुसी, भक्तपुर के जगाती तथा ललितपुर के फर्पिङ और चापागांव नाकों पर की जा रही है। यात्रियों को यात्रा संबंधी आवश्यक सावधानियां समझाकर ही आगे भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से मोटरसाइकिल से यात्रा करने वालों को तेज गति से होने वाली दुर्घटनाओं के प्रति सचेत किया जा रहा है। शराब सेवन कर वाहन न चलाने और तेज रफ्तार से बचने की सलाह दी जा रही है।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार सिर्फ बुधवार को काठमांडू से बाहर जाने वाले यात्रियों और वाहनों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही। गुरुवार को होने वाले चुनाव के कारण बुधवार रात 12 बजे के बाद वाहन संचालन पर रोक लगने से केवल मध्यम दूरी की गाड़ियां ही बाहर गईं।
नया बसपार्क स्थित ल्होत्से बहुउद्देश्यीय प्रालि के पंकज मल्ल ने बताया कि रविवार को सबसे अधिक यात्री लेकर वाहन उपत्यका से बाहर गए। उन्होंने कहा कि केवल रविवार को 480 यात्री बसें बसपार्क से रवाना हुईं, जबकि सामान्य दिनों में प्रतिदिन 300 से 350 बसें ही निकलती हैं। बुधवार सुबह कुछ वाहन रवाना हुए, लेकिन रात 12 बजे के बाद वाहन संचालन बंद होने के कारण बुधवार दोपहर से बसपार्क के काउंटर चुनाव अवधि के लिए बंद कर दिए गए हैं। फिलहाल बसपार्क सुनसान है। उनके अनुसार पिछले शुक्रवार से अब तक लगभग डेढ़ लाख यात्रियों ने बसपार्क से टिकट खरीदे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास