सीएम फडणवीस ने कहा- तो भाजपा महाराष्ट्र से उतारेगी राज्यसभा का पांचवां उम्मीदवार

युगवार्ता    04-Mar-2026
Total Views |
फाईल फोटो: भाजपा राज्यसभा उम्मीदवार रामराव वडकुटे और माया इवेनाते


मुंबई, 04 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को मुंबई में कहा कि अगर महाविकास आघाड़ी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार को राज्यसभा सदस्य का उम्मीदवार नहीं बनाती है, तो भारतीय जनता पार्टी राज्यसभा के लिए अपना पांचवां उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारेगी।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने बुधवार को कहा कि राज्यसभा चुनाव के लिए उनके पास पर्याप्त संख्याबल है, लेकिन वे चाहते हैं कि राज्यसभा का चुनाव निर्विरोध संपन्न हो और सभी दल अपनी संख्याबल को देखते हुए उम्मीदवार तय करें। महाविकास आघाड़ी में राज्यसभा उम्मीदवार के बारे में अभी तक स्थिति स्पष्ठ नहीं हो पा रही है, जबकि सांसद सुप्रिया सुले अपने पिता शरद पवार के लिए प्रयास कर रही है। देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अगर महाविकास आघाड़ी की ओर से शरद पवार को उम्मीदवार नहीं बनाया गया, तो भाजपा इस चुनाव में अपना पांचवा उम्मीदवार उतारेगी।

भाजपा की पार्लियामेंटरी कमेटी ने बुधवार को महाराष्ट्र से चार उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। इनमें केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले, वरिष्ठ भाजपा नेता विनोद तावड़े, रामराव वडकुटे और माया इवेनाते शामिल हैं। रामराव वडकुटे हिंगोली जिले में पार्टी के जिला अध्यक्ष भी हैं, जबकि माया चिंतामन इवेनाते नागपुर की पूर्व मेयर हैं। आदिवासी समुदाय की नेता इवेनाते ने हाल ही में हुए नागपुर म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन चुनाव में वार्ड नंबर 12 से जीत हासिल की थी, लेकिन भाजपा ने उन्हें अब राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है। राज्यसभा के लिए एक सीट पर शिवसेना शिंदे समूह और एक सीट पर राकांपा एपी उम्मीदवार तय करने वाली है। इनमें से राकांपा एपी की ओर से अजीत पवार के बेटे पार्थ पवार को उम्मीदवार बनाया गया है,गुरुवार को पार्थ पवार अपना नामांकन भरेंगे।

महाविकास आघाड़ी में अभी भी राज्यसभा की एक सीट को लेकर खींचतान मची हुई है। कांग्रेस पार्टी इस सीट पर अपना दावा पेश कर रही है, जबकि राकांपा एसपी और शिवसेना यूबीटी शरद पवार को उम्मीदवार बनाने की इच्छुक हैं। इसलिए मविआ का उम्मीदवार अब तक तय नहीं हो सका है, जबकि राज्यसभा के लिए नामांकन करने की अंतिम तिथि 5 मार्च है। इस चुनाव के लिए वोटिंग 16 मार्च को होगी और वोटों की गिनती उसी दिन शाम को होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Tags