कल कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पेश करेंगे बजट

युगवार्ता    05-Mar-2026
Total Views |
Cm art


CM


बेंगलुरु, 05 मार्च (हि.स.)। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया 06 मार्च 2026 को राज्य का वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट विधानसभा में प्रस्तुत करेंगे। यह उनका 17वां बजट होगा, जो एक रिकॉर्ड माना जा रहा है।

इस बार बजट की एक विशेष पहल भी की गई है। राज्य के चयनित बस स्टैंडों पर एलईडी स्क्रीन और टीवी के माध्यम से बजट का सीधा प्रसारण किया जाएगा। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने आम जनता तक बजट प्रक्रिया पहुंचाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है। सुबह 10:15 बजे से बजट का लाइव प्रसारण शुरू होगा, जिसके बाद मुख्यमंत्री की प्रेस वार्ता भी सीधे प्रसारित की जाएगी।

मुख्यमंत्री के गृह जिले मैसूर में समर्थकों ने उन्हें विशेष अंदाज में शुभकामनाएं दी हैं। शहर के कोटे आंजनेय स्वामी मंदिर के सामने करीब 8 हजार वर्ग फुट क्षेत्र में कलाकार पुनीत ने मुख्यमंत्री का भव्य रंगोली चित्र तैयार किया है।

कर्नाटक के मानचित्र की आकृति के भीतर मुख्यमंत्री को बजट दस्तावेज हाथ में लिए हुए दर्शाया गया है। 17वां बजट पेश करने जा रहे मुख्यमंत्री को उनके गृह जिले में मिल रहे समर्थन से राज्यभर में बजट को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा

Tags