
काठमांडू, 05 मार्च (हि.स.)। भारत ने नेपाल में सम्पन्न हुए प्रतिनिधि सभा चुनाव का स्वागत किया है और इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मीडिया के सवालों के जवाब में कहा कि भारत नेपाल में चुनाव के सफल आयोजन और नागरिकों द्वारा अपने लोकतांत्रिक अधिकार के उत्साहपूर्ण प्रयोग का स्वागत करता है।
उन्होंने कहा कि भारत, नेपाल की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की, नेपाल सरकार, नेपाली जनता तथा इस प्रक्रिया से जुड़े सभी हितधारकों को इन चुनावों के सफल आयोजन के लिए बधाई देता है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि ये चुनाव पिछले वर्ष की असाधारण परिस्थितियों के बावजूद सफलतापूर्वक सम्पन्न कराए गए।
प्रवक्ता ने कहा कि भारत हमेशा से नेपाल में शांति, प्रगति और स्थिरता का समर्थन करता रहा है। इसी प्रतिबद्धता के तहत नेपाल सरकार के अनुरोध पर भारत ने इन चुनावों के लिए आवश्यक लॉजिस्टिक सामग्री भी उपलब्ध कराई थी।
उन्होंने आगे कहा कि भारत नई बनने वाली नेपाल सरकार के साथ मिलकर दोनों देशों और उनके नागरिकों के पारस्परिक हित के लिए भारत-नेपाल के बहुआयामी और मजबूत संबंधों को और आगे बढ़ाने की आशा करता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास