
काठमांडू, 05 मार्च (हि.स.)। नेपाल में प्रतिनिधि सभा चुनाव के दौरान एक नाटकीय घटनाक्रम में नेपाल कम्युनिष्ट पार्टी (नेकपा) के उम्मीदवार किरण साह ने पार्टी पार्टी से इस्तीफ़ा देने की घोषणा कर दी। उन्होंने कई बूथों पर कब्ज़ा होने का आरोप लगाते हुए पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया है।
किरण साह नेपाल कम्युनिष्ट पार्टी (नेकपा) के उम्मीदवार के रूप में रौतहट निर्वाचन क्षेत्र–2 से चुनाव लड़ रहे थे। उन्होंने गुरुवार को सोशल मीडिया पर लाइव वक्तव्य देते हुए पार्टी से इस्तीफा देने की घोषणा की। साह ने आरोप लगाया कि उनके निर्वाचन क्षेत्र में विपक्षी नेपाली कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कई स्थानों पर 'बूथ कब्जा' कर लिया है। उनका कहना है कि उन्होंने इस बारे में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को जानकारी दी, लेकिन उन्हें सुरक्षा या समर्थन नहीं मिला, जिसके कारण उन्होंने पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया।
उन्होंने दावा किया कि बौदामाई नगरपालिका और राजपुर नगरपालिका के कुछ वार्डों में बूथ कब्जा हुआ है। इसके साथ ही उन्होंने उन मतदान केन्द्रों पर मौजूद अपने पार्टी प्रतिनिधियों (एजेंटों) से भी बूथ छोड़कर वापस लौटने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि जिन मतदान केन्द्रों पर बूथ कब्जा होने का आरोप है, वहां मतदान स्थगित करके पुनः मतदान की व्यवस्था नहीं की गई, तो वे मतगणना प्रक्रिया में भी भाग नहीं लेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास