
जयपुर, 05 मार्च (हि.स.)। राजस्थान के जैसलमेर में 6 से 8 मार्च तक चादर महोत्सव और दादा गुरु इकतीसा पाठ का आयोजन होगा। तीन दिवसीय इस कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत करेंगे। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को डॉ. भागवत संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण 7 मार्च को विश्व भर में एक साथ 1 करोड़ 8 लाख श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक दादा गुरु इकतीसा पाठ का ऐतिहासिक महासंकल्प है। कार्यक्रम का आयोजन दादा गुरूदेव जिनदत्त सूरि चादर महोत्सव समिति के अंतर्गत हो रहा है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद, हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान, विद्या भारती तथा अनेक सामाजिक-सांस्कृतिक संस्थाओं के प्रतिनिधि कार्यक्रम में सहभागी हैं। कार्यक्रम गच्छाधिपति आचार्य मणिप्रभ सूरी जी की मौजूदगी में सम्पन्न होगा।
इस महोत्सव के प्रेरणास्रोत आचार्य जिनमनोज्ञ सागर जी हैं। चादर महोत्सव समिति के चेयरमैन महाराष्ट्र सरकार के मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा एवं संयोजक जीतो के पूर्व चेयरमैन तेजराज गोलेछा है। आयोजन में विभिन्न भारतीय परंपराओं के करीब 400 संतों की उपस्थिति होगी। करीब 20 हजार श्रद्धालुओं की तीन दिवसीय कार्यक्रम में मौजूदगी रहेगी।
चादर महोत्सव समिति के चेयरमैन मंगल प्रभात लोढ़ा के अनुसार 6 से 8 मार्च को गच्छाधिपति आचार्य जिनमणिप्रभ सूरी की मौजूदगी में आयोजित होने जा रहे चादर महोत्सव का मुख्य आकर्षण 7 मार्च को विश्वभर में एक साथ 1 करोड़ 8 लाख श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक दादागुरु इकतीसा पाठ का ऐतिहासिक महासंकल्प रहेगा। निर्धारित समय पर देश विदेश में श्रद्धालु एक साथ पाठ करेंगे। जिससे वैश्विक स्तर पर आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होगा।
दादा गुरु इकतीसा कार्यक्रम के राष्ट्रीय चेयरमैन प्रकाश चंद्र लोढ़ा एवं आयोजन समिति के सचिव पदम टाटिया ने बताया कि चादर मोत्सव के पहले दिन 6 मार्च को महोत्सव की शुरुआत गच्छाधिपति, आचार्य, उपाध्याय सहित भगवंतों के मंगल प्रवेश से होगी। इसके बाद आयोजित धर्मसभा में डॉ. मोहन राव भागवत मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर चादर समारोह सिक्का और विशेष डाक टिकट का विमोचन होगा। शाम को पहली बार दादा गुरुदेव के जीवन पर आधारित जीवंत नाटिका का मंचन होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश