रांची में गैलेक्सिया मॉल स्थित पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस और बीडीएस ने की सघन जांच

युगवार्ता    06-Mar-2026
Total Views |
जांच करते पुलिस अधिकारी


रांची, 06 मार्च (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची में एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया है। इस बार ग्लैक्सिया मॉल में स्थित पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।

जानकारी के अनुसार, अज्ञात अपराधियों ने ईमेल के माध्यम से धमकी भरा संदेश भेजा, जिसमें रातू रोड स्थित पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की बात कही गई। धमकी भरा मेल मिलने के बाद पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई।

कोतवाली पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) प्रकाश सोय के नेतृत्व में पुलिस टीम और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) मौके पर पहुंचा और पूरे परिसर की जांच शुरू कर दी। पुलिस और बीडीएस टीम ने पासपोर्ट कार्यालय के अंदर और आसपास के पूरे इलाके की बारीकी से तलाशी ली। मॉल परिसर के अलग-अलग हिस्सों में भी सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुछ समय के लिए इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई। हालांकि, कई घंटों तक चली जांच के दौरान कहीं से भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली, लेकिन मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच जारी रखी गई है।

पुलिस अब उस ईमेल की तकनीकी जांच कर रही है, जिसके जरिए धमकी दी गई थी। साइबर टीम की मदद से मेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। डीएसपी ने बताया कि पूरे परिसर की जांच की गई है और मामले की तकनीकी जांच जारी है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी रांची में इसी तरह की धमकी का मामला सामने आ चुका है। कुछ समय पहले रांची सिविल न्यायालय और समाहरणालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। उस समय भी अज्ञात व्यक्ति ने ईमेल के जरिए आरडीएक्स से विस्फोट करने की बात कही थी। हालांकि, उस मामले में भी व्यापक तलाशी अभियान के बावजूद कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई थी।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Tags