चंडीगढ़, 06 मार्च (हि.स.)। बॉलीवुड रैपर बादशाह (आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया) हरियाणवी फोक सॉन्ग 'टटीरी' के रीमिक्स रैप पर विवाद में फंस गए हैं। हरियाणा राज्य महिला आयोग ने गाने के बोल और वीडियो पर आपत्ति के बाद उन्हें समन जारी किया है। बादशाह को 13 मार्च को आयोग के समक्ष पेश होकर पक्ष रखने को कहा गया है।हरियाणा के पानीपत की नारी तू नारायणी संस्था की अध्यक्ष सविता आर्य और शिव आरती फाउंडेशन के प्रमुख शिव कुमार की शिकायत पर महिला आयोग ने यह नोटिस जारी किया है। इसके अलावा रोहतक के एडवोकेट राजनारायण पंघाल ने भी राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग को शिकायत भेजी है।शिकायत में बादशाह के रैप की लाइन ‘आया बादशाह डोली चढ़ाने, इन सबकी घोड़ी बनाने’ पर आपत्ति उठाई है। उन्होंने कहा कि इस गाने में गंदी शब्दावली का इस्तेमाल किया गया है। साथ ही स्कूल ड्रेस में नाबालिग बच्चियों को स्कूल बैग फेंकते हुए दिखाया गया। बादशाह के गीत में छोटी-छोटी नाबालिग बच्चियां हरियाणा के सरकारी स्कूल की यूनिफॉर्म पहने हुए हैं और उन्हें अपनी किताबें व बस्ते फेंकते हुए और पढ़ाई से दूर भागते हुए दिखाया गया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि गाने के ये सीन और शब्द समाज में गलत मैसेज दे सकते हैं कि पढ़ाई जरूरी नहीं है। इससे बच्चे गलत और भद्दी भाषा को आम बात समझ सकते हैं। खासकर जब छोटे बच्चों को स्कूल की यूनिफॉर्म में ऐसा करते हुए दिखाया जाता है, तो इससे दूसरे बच्चे भी पढ़ाई से दूर हो सकते हैं।उल्लेखनीय है कि टटीरी हरियाणवी गीत है। जिसे एक हरियाणवी सिंगर की बेटी ने गाया था। इस गीत में लड़कियां हरियाणवी परिधान में नृत्य करती हैं। बादशाह रैपर की इस पर नजर पड़ी तो उन्होंने इसे रैप के रूप में पेश कर दिया। इस रैप की शूटिंग जींद जिले में की गई थी। यह गीत एक मार्च को रिलीज हुआ था। इस गाने में कैथल की रहने वाली बॉक्सर सिमरन जागलान की भी आवाज है। वह हरियाणवी सिंगर कर्मबीर फौजी की बेटी हैं। टटीरी गाने को अभी तक यूट्यूब पर 2 मिलियन से ज्यादा लोग सुन चुके हैं।यह गीत रिलीज होने के बाद रैप के बोल तथा फिल्मांकन पर विवाद हो गया है। गुरुवार की रात जयहिंद सेना के प्रमुख नवीन जयहिंद ने सोशल मीडिया एक्स पर इसका विरोध करते हुए बैन करने की मांग की।महिला आयोग ने पानीपत पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर समन जारी किया है। यह सुनवाई 13 मार्च को महिला आयोग अध्यक्षा रेनु भाटिया द्वारा जिला उपायुक्त कार्यालय पानीपत के कांफ्रेंस हॉल में होगी। शिकायतकर्ता सविता आर्य और शिव कुमार तथा उत्तरवादी के रूप में बादशाह को पेश होना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा