
काठमांडू, 07 मार्च (हि.स.)। नेपाल के प्रतिनिधि सभा के चुनाव में पूर्व प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली सहित नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी(एमाले) के दस से अधिक बड़े नेता पराजित हो गये हैं।
पार्टी के कुल 19 पदाधिकारियों में से 11 नेताओं ने प्रत्यक्ष चुनाव लड़ा था। निर्वाचन आयोग के अनुसार इनमें से नेकपा एमाले के अध्यक्ष के पी शर्मा ओली, उनके तीन उपाध्यक्ष विष्णु पौडेल, पृथ्वी सुब्बा गुरूंग ने और गोकर्ण विष्ट चुनाव हार गए हैं। इसी तरह पार्टी के महासचिव शंकर पोखरेल, उपमहासचिव रघुवीर महासेठ ने और लेखराज भट्ट भी अपने अपने निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव हार गए हैं। सचिव स्तर के नेताओं में महेश बस्नेत, शेरधन राई, राजन भट्टराई तथा भानुभक्त ढकाल को भी हार का सामना करना पड़ा है।
पार्टी के कुछ अन्य पदाधिकारी समानुपातिक सूची में हैं लेकिन उसके लिए पार्टी को 3 प्रतिशत वोट की न्यूनतम सीमा को पार करना होगा। चूंकि पार्टी के प्रत्यक्ष निर्वाचित सदस्यों में एक भी महिला शामिल नहीं है इसलिए तीन प्रतिशत मत पाने के बाद भी पहली प्राथमिकता महिलाओं को देनी होगी। इसलिए समानुपातिक प्रणाली से किसी भी पुरुष पदाधिकारी का चयन मुश्किल लग रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास