प्रधानमंत्री कल दिल्ली मेट्रो के दो कॉरिडोर का उद्घाटन, तीन कॉरिडोर का शिलान्यास करेंगे

युगवार्ता    07-Mar-2026
Total Views |
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता उद्घाटन स्थल डीडीए उत्सव स्थल-3 ,निरंकारी मंडल के सामने का निरीक्षण करती हुई


नई दिल्ली, 07 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर का उद्घाटन और तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास करेंगे। जिन कॉरिडोर का उद्घाटन होगा उनमें मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर सेक्शन (पिंक लाइन) और दीपाली चौक से मजलिस पार्क सेक्शन (मैजेंटा लाइन) शामिल हैं। जबकि जिन कॉरिडोर का शिलान्यास होगा उनमें मेट्रो फेज-5ए के अंतर्गत- रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर, एरोसिटी से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक का कॉरिडोर और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक का कॉरिडोर शामिल है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को बताया कि दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक का कॉरिडोर मैजेंटा लाइन का विस्तार है और इसके शुरू होने से इस लाइन की कुल लंबाई लगभग 49 किलोमीटर हो जाएगी। इस कॉरिडोर के माध्यम से कई आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों को मेट्रो नेटवर्क से बेहतर तरीके से जोड़ा जाएगा, जिससे यात्रियों को निर्बाध और समयबद्ध यात्रा की सुविधा मिलेगी। मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर कॉरिडोर के शुरू होने से पिंक लाइन की कुल लंबाई लगभग 71.56 किलोमीटर हो जाएगी और दिल्ली को देश की पहली पूर्णरूप से संचालित ‘रिंग मेट्रो’ प्राप्त होगी।

मुख्यमंत्री बताया कि प्रधानमंत्री मोदी जिन तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास करेंगे उनमें रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर, एरोसिटी से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक का कॉरिडोर और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक का कॉरिडोर शामिल है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से दिल्ली के प्रशासनिक, वाणिज्यिक और आवासीय क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी और बेहतर होगी तथा एयरपोर्ट तक मेट्रो की सीधी और तेज पहुंच सुनिश्चित होगी।

उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के शहरों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। फरीदाबाद और बल्लभगढ़ के निवासी वायलेट लाइन के माध्यम से तुगलकाबाद पहुंचकर गोल्डन लाइन से सीधे इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक यात्रा कर सकेंगे। वहीं नोएडा के यात्री मैजेंटा लाइन से कालिंदी कुंज पहुंचकर गोल्डन लाइन के माध्यम से एयरपोर्ट और दक्षिण दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली सरकार ने वर्ष 2025-26 के बजट में सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग के बजट में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की है। वर्तमान बजट में परिवहन विभाग के लिए 9,110 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो पिछले वर्ष के 5,702 करोड़ रुपये की तुलना में लगभग 60 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि दिल्ली मेट्रो परियोजनाओं को गति देने के लिए इस वर्ष के बजट में 2,929 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Tags