
पर्थ, 07 मार्च (हि.स.)। ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर एनाबेल सदरलैंड के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन से ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ खेले जा रहे एकमात्र डे-नाइट टेस्ट में मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली है। सदरलैंड ने 129 रन की शानदार शतकीय पारी खेलने के बाद दूसरी पारी में 2 विकेट भी झटके।
भारत की पहली पारी 198 रन पर सिमटने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 323 रन बनाकर 125 रन की बढ़त हासिल की। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने दूसरी पारी में 6 विकेट पर 105 रन बना लिए हैं और अभी भी ऑस्ट्रेलिया से 20 रन पीछे है।
दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया की ओर से एलिस पेरी और एनाबेल सदरलैंड ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पांचवें विकेट के लिए 128 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। एलिस पेरी ने 76 रन बनाए और इसी के साथ वह टेस्ट क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया की सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गईं। उन्होंने 1000 टेस्ट रन का आंकड़ा भी पार किया।
भारत को पहली सफलता दीप्ति शर्मा ने दिलाई, जिन्होंने डीआरएस की मदद से पेरी को आउट कराया। इसके बाद सदरलैंड ने पारी को आगे बढ़ाते हुए अपना शतक पूरा किया।
ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाज बेथ मूनी को दो जीवनदान मिले, लेकिन वह बड़ी पारी नहीं खेल सकीं और स्नेह राणा ने उन्हें आउट कर दिया। भारत की ओर से गेंदबाजी में सयाली सतघरे सबसे सफल रहीं, जिन्होंने 4 विकेट लिए।
दूसरी पारी में भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। स्मृति मंधाना जल्दी आउट हो गईं, जबकि शेफाली वर्मा भी ज्यादा देर तक नहीं टिक सकीं। इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स और कप्तान हरमनप्रीत कौर भी सस्ते में पवेलियन लौट गईं।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से लूसी हैमिल्टन ने तीन विकेट लिए, जबकि एनाबेल सदरलैंड ने दो विकेट झटके।
दिन का खेल समाप्त होने तक प्रतीका रावल 43 रन बनाकर नाबाद रहीं और स्नेह राणा के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 23 रन जोड़कर भारत को आगे नुकसान से बचाया।
भारत को अब पारी की हार से बचने के लिए पहले ऑस्ट्रेलिया की बढ़त को पार करना होगा।
संक्षिप्त स्कोर:
भारत – 198 और 105/6 (प्रतीका रावल 43*; लूसी हैमिल्टन 3/32, एनाबेल सदरलैंड 2/15)
ऑस्ट्रेलिया – 323 (एनाबेल सदरलैंड 129, एलिस पेरी 76; सयाली सतघरे 4/50)
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे