

-श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में पूजन-अर्चन के बाद मुख्यमंत्री योगी ने जनसभा को किया संबोधित
मथुरा, 07 मार्च(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मथुरा दौरे पर पहुंचे। यहां उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मस्थान के दर्शन किए और ब्रज क्षेत्र के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उनका पूरा कार्यक्रम आध्यात्मिक माहौल में डूबा नजर आया। मुख्यमंत्री ने ब्रज तीर्थ विकास परिषद की बैठक में हिस्सा लेते हुए क्षेत्र के विकास के लिए कई योजनाओं को मंजूरी दी और अधिकारियों को तीर्थ क्षेत्र की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए। अपने संबाेधन में उन्होंने कहा कि यदि भगवान कृष्ण की कृपा रही तो जिस तरह अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण का कार्य हुआ है, उसी प्रकार यहां भी आगे का कार्यक्रम होगा।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सीधे श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचे। यहां उन्होंने ठाकुर केशवदेव मंदिर, योगमाया मंदिर और गर्भगृह में भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए। भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए और विधिवत पूजन-अर्चन कर श्रद्धा निवेदित की। ब्रज की पावन धरा से प्रदेशवासियों के लिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्रज भूमि का कण-कण ऊर्जा और भक्ति से भरा है। प्रभु श्रीकृष्ण के चरणों में शीश नवाकर मन को असीम शांति की अनुभूति होती है। उन्होंने प्रार्थना की कि भगवान का आशीर्वाद प्रदेश के प्रत्येक नागरिक पर बना रहे। उत्तर प्रदेश निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को छुए। उन्होंने कहा मथुरा की धरती का हर कण भगवान कृष्ण की स्मृतियों से जुड़ा हुआ है। यहां की हवा और वातावरण में राधारानी और कृष्ण कन्हैया की भक्ति रची-बसी है, जो हर श्रद्धालु को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करती है।
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक ऐसा बयान दिया जिसने वहां मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। उन्होंने कहा कि यदि भगवान कृष्ण की कृपा रही तो जिस तरह अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण का कार्य हुआ है, उसी प्रकार यहां भी आगे का कार्यक्रम होगा। जैसे ही उन्होंने यह बात कही, वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने जोरदार जयकारे लगाए और पूरा परिसर “जय श्रीकृष्ण” के नारों से गूंज उठा।
इससे पहले वृंदावन स्थित गीता शोध संस्थान के प्रेक्षागृह में आयोजित ब्रज तीर्थ विकास परिषद की बैठक में मुख्यमंत्री ने कई विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मथुरा-वृंदावन आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बुनियादी ढांचे को मजबूत करना बेहद जरूरी है। योगी ने खास तौर पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और तीर्थ यात्रियों के लिए सुविधाओं को बढ़ाने पर जोर दिया। उनका कहना था कि ब्रज क्षेत्र देश और दुनिया के करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। इसलिए यहां का विकास भी उसी स्तर पर होना चाहिए।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों को होली के पर्व की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि हमारे त्योहार हमें जीवन में उत्साह, उमंग और सकारात्मकता बनाए रखने की प्रेरणा देते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में नकारात्मकता और अराजकता के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। अगर व्यक्ति अपने जीवन को सार्थक बनाना चाहता है तो उसे सकारात्मक सोच और मजबूत इच्छाशक्ति के साथ आगे बढ़ना चाहिए। यही संदेश हमारे पर्व और परंपराएं हमें देती हैं। वृंदावन स्थित गीता शोध संस्थान के प्रेक्षागृह में आयोजित ब्रज तीर्थ विकास परिषद की समीक्षा बैठक में प्रमुख रूप से कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह, सांसद हेमामालिनी एवं सांसद तेजवीर सिंह, जनपद के प्रभारी मंत्री संदीप सिंह, मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, विधायक राजेश चौधरी, पूरन प्रकाश ठाकुर, मेध श्याम सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी, मथुरा-वृन्दावन नगर निगम के महापौर विनोद अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार