फैम टूर के दूसरे दिन पर्यटकों ने झांसी के ऐतिहासिक स्थलों का किया भ्रमण

युगवार्ता    08-Mar-2026
Total Views |
बरुआसागर किले पर टूर के सदस्य


झांसी, 08 मार्च (हि.स.)। पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित तीन दिवसीय फैम टूर (फैमिलियराइजेशन टूर) के दूसरे दिन देश के विभिन्न राज्यों से आए पर्यटन अधिकारियों, टूर एजेंटों और मीडिया प्रतिनिधियों ने झांसी व आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य बुंदेलखंड क्षेत्र की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देना है, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक इस क्षेत्र की ओर आकर्षित हो सकें।

दूसरे दिन की शुरुआत बरुआसागर किला के भ्रमण से हुई। यहां पहुंचे अतिथियों को किले के इतिहास, स्थापत्य कला और बुंदेलखंड के गौरवशाली अतीत से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। पर्यटकों ने किले की संरचना, आसपास के प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक महत्व को करीब से देखा और उसकी सराहना की।

इसके बाद सभी अतिथि झांसी बोट क्लब पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न वॉटर एक्टिविटीज का आनंद लिया। बोटिंग और अन्य गतिविधियों के दौरान सभी प्रतिभागियों ने झांसी के पर्यटन स्थलों की व्यवस्थाओं और सुविधाओं की प्रशंसा की। इसके पश्चात सभी के लिए दोपहर के भोजन की व्यवस्था रीजेंटा पैलेस में की गई, जहां स्थानीय व्यंजनों के साथ अतिथियों का स्वागत किया गया।

दोपहर बाद फैम टूर दल ने राजकीय संग्रहालय झांसी का भ्रमण किया। यहां उन्होंने बुंदेलखंड के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम और सांस्कृतिक धरोहर से जुड़ी दुर्लभ वस्तुओं, शस्त्रों, मूर्तियों और कलाकृतियों को देखा। इसके बाद अतिथियों ने रानी महल का भ्रमण किया, जो अपनी भव्य स्थापत्य कला और ऐतिहासिक महत्व के लिए प्रसिद्ध है।

फैम टूर के दौरान दल ने झांसी किला का भी भ्रमण किया। यहां उन्हें रानी लक्ष्मीबाई के शौर्य और 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों की जानकारी दी गई। शाम को किले परिसर में आयोजित लाइट एंड साउंड शो का भी सभी ने आनंद लिया, जिसमें झांसी के इतिहास और वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की वीरगाथा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।

इस दौरान भारत पर्यटन, आगरा के सहायक निदेशक संदीप शुक्ला, पर्यटन अधिकारी हरीश, दिल्ली से अवनीश मिश्रा, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी डी.के. शर्मा सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं स्थानीय स्तर पर बुंदेलखंड ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिरुद्ध रावत, स्वास्तिक ट्रेवल्स के विक्रम अग्रवाल और सफल हॉलिडे के पवन पटेल भी पूरे भ्रमण के दौरान मौजूद रहे और उन्होंने अतिथियों को क्षेत्र के पर्यटन स्थलों की जानकारी दी।

अतिथियों ने झांसी और आसपास के पर्यटन स्थलों की सराहना करते हुए कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र में ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। यदि इन स्थलों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तो देश-विदेश के अधिक से अधिक पर्यटक यहां आकर्षित हो सकते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह के फैम टूर से झांसी और बुंदेलखंड के पर्यटन को नई पहचान मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Tags