मणिपुर के अलग-अलग इलाकों से दो उग्रवादी गिरफ्तार

युगवार्ता    09-Mar-2026
Total Views |
मणिपुर में गिरफ्तार उग्रवादियों एवं तलाशी अभियान चलाते सुरक्षा कर्मियों की तस्वीर


इंफाल, 09 मार्च (हि.स.)। मणिपुर में पुलिस एवं सुरक्षा बल लगातार उग्रवादियों, अवैध हथियार एवं धन उगाही से जुड़े लोगों के विरूद्ध अभियान चला रहे हैं। जिसमें लगातार सफलता मिल रही है। वहीं संवेदनशील इलाकों में वाहनों की आवाजाही को सुरक्षित बनाने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार बीते रविवार को मणिपुर पुलिस ने इंफाल पश्चिम जिले के थंगल बाजार के प्रजातंत्र गली से एक उग्रवादी संगठन प्रीपाक के एक सक्रिय कैडर को गिरफ्तार किया। कैडर की पहचान इंफाल पूर्व जिले के कियामगेई अवांग लेइकाई निवासी थोंगम्बा ताखेलंबम सिंह (27) के रूप में की गयी है।

एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने इसी दिन धन उगाही में लिप्त सोरेपा संगठन के एक सक्रिय कैडर लाईहाओरुंगबाम सनतोम्बा सिंह (48) उर्फ अशोक उर्फ तायई को गिरफ्तार किया। उसे इंफाल ईस्ट जिला के पोरोमपट स्थित उसके वर्तमान घर गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक टू-व्हीलर, यामाहा सिग्नस रे स्कूटर, एक मोबाइल फोन और एक आधार कार्ड बरामद किया गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि, सुरक्षा बल जिलों के दूर-दराज एवं संवेदनशील इलाकों में तलाशी अभियान और एरिया डोमिनेशन जारी रखे हुए हैं। बीते 24 घंटों के दौरान मणिपुर के अलग-अलग जिलों में, पहाड़ियों और घाटी दोनों में कुल 116 नाके/चेक पॉइंट लगाए गए थे, हालांकि, किसी को भी हिरासत में नहीं लिया गया।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

Tags