
अहमदाबाद, 09 मार्च (हि.स.)।
भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप जीतने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) का आभार जताया। उन्होंने कहा कि 2024 विश्व कप के बाद बोर्ड ने उन पर भरोसा जताते हुए कप्तानी सौंपी और उसी भरोसे की बदौलत टीम यह बड़ी सफलता हासिल कर पाई।
ट्रॉफी प्रस्तुति समारोह के दौरान सूर्यकुमार यादव ने कहा, “यह एक लंबा सफर रहा है। 2024 विश्व कप के बाद उस समय बीसीसीआई, जय शाह, रोहित शर्मा और सभी ने मुझ पर भरोसा जताया और इस शानदार टीम की कप्तानी का मौका दिया।”
उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में टीम लगातार अच्छा क्रिकेट खेल रही थी और उसी लय को बनाए रखना ही लक्ष्य था।
सैमसन, अभिषेक और वरुण की तारीफ
सूर्यकुमार यादव ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले खिलाड़ियों की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और वरुण चक्रवर्ती के प्रदर्शन को टीम की सफलता का बड़ा कारण बताया।
कप्तान ने कहा,“यह समझना बहुत जरूरी था कि ये खिलाड़ी क्या कर सकते हैं। मुझे पता था कि इनमें मैच जिताने की क्षमता है। संजू के टीम में आने का समय बिल्कुल सही था। वरुण चक्रवर्ती और अभिषेक शर्मा विश्व स्तर के खिलाड़ी हैं और हमें हमेशा पता था कि वे कुछ खास कर सकते हैं।”
जसप्रीत बुमराह को बताया ‘राष्ट्रीय खजाना’
फाइनल मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करने वाले जसप्रीत बुमराह की भी सूर्यकुमार यादव ने जमकर प्रशंसा की। बुमराह ने अपने घरेलू मैदान पर 4 विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता।
सूर्यकुमार यादव ने कहा,
“वह पीढ़ी में एक बार आने वाले गेंदबाज हैं। अभी मैं उन्हें देश का खजाना कह सकता हूं। उन्हें पता है कि क्या करना है और कैसे करना है। वह इस खेल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक हैं।”
भारतीय कप्तान ने उम्मीद जताई कि टीम आगे भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन करती रहेगी और आने वाले वर्षों में भी नई उपलब्धियां हासिल करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे