मप्र के जबलपुर की चारों निर्माणियों ने इस साल किया 4622 करोड़ का रिकॉर्ड उत्पादन

युगवार्ता    01-Apr-2026
Total Views |
व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर


भोपाल, 01 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित चारों निर्माणियों (केंद्रीय सुरक्षा संस्थानों) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 4622 करोड़ रुपये का उत्पादन किया है। इनमें सबसे अधिक उत्पादन भारतीय सेना के लिए गोला बारुद, बम बनाने वाले देश की सबसे बड़ी सुरक्षा संस्थान आयुध निर्माणी खमरिया ने किया है।

निर्माणियों द्वारा बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, आयुध निर्माणी खमरिया ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में निर्धारित 2417 करोड़ रुपये के उत्पादन लक्ष्य को पार करते हुए 2450 करोड़ रुपये से अधिक का उत्पादन कर ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त की है। इस उपलब्धि के पीछे संस्थान के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा सभी सहयोगी इकाइयों के सामूहिक प्रयास और समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उत्पादन कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करते हुए संस्थान ने 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित की है।

वहीं, गन कैरिज फैक्ट्री और व्हीकल फैक्ट्री (ओएफके) जबलपुर ने 1000 करोड़ से अधिक का प्रोडक्शन किया है। ओएफके के मुख्य महाप्रबंधक शैलेश वगेरवाल ने टारगेट से अधिक माल बनाने पर अधिकारी और कर्मचारियों को बधाई दी है। वगेरवाल ने कहा है कि आने वाले समय में भी आयुध निर्माणी खमरिया इसी उत्साह और समर्पण के साथ राष्ट्र की रक्षा आवश्यकताओं की पूर्ति में अपना महत्वपूर्ण योगदान देती रहेगी।

जबलपुर की जीसीएफ फैक्ट्री ने 32 गनों का प्रोडक्शन कर पहली बार 1000 करोड़ के क्लब में शामिल हो गया है। जीसीएफ फैक्ट्री ने वित्तीय वर्ष 2025-2026 के दौरान रिकार्ड 1036 करोड रुपये का उत्पादन किया है। निर्माणी ने वित्त वर्ष के दौरान 109 संख्या में टैंक गन का निर्माण किया, इसके अतिरिक्त 129 करोड़ के उच्चतम स्पेयर्स सेना को सौंपे हैं। साथ ही रिकॉर्ड 20 धनुष एवं 12 एलएफजी गनों का निर्माण किया है। अचीवमेंट के साथ ही रिटायर हुए मुख्य महाप्रबंधक राजीव गुप्ता ने कहा कि यह टीम वर्क का नतीजा है।

व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर ने भी इन निर्माणीयों के साथ चलते हुए 10 साल के बाद 1056 करोड़ का उत्पादन किया है। आपरेशन सिंदूर के बाद आयुध निर्माणियों में प्रोडक्शन को लेकर अधिकारी-कर्मचारी सभी गंभीर थे। साल भर में कभी भी फैक्ट्रियों को कच्चे माल की कमी नहीं पड़ी। जनसंपर्क अधिकारी हर्ष भटनागर ने बताया की फैक्ट्री ने 1509 एलपीटीए, 1248 स्टेलियन, 592 वाटर ब्राउज़र और 14 सारंग गन का उत्पादन किया है। आयुध निर्माणी जबलपुर अपने 80 करोड़ रुपए के टारगेट को पूरा करने में कामयाब रही है। यहां पर ढाई सौ किलो एयर बॉडी और लिफ्टिंग प्लग का उत्पादन किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags