मुख्यमंत्री ने ‘भीम ज्योति उत्सव’ का किया शुभारंभ

युगवार्ता    10-Apr-2026
Total Views |
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शुक्रवार को ‘भीम ज्योति उत्सव’ का शुभारंभ करते हुए


- बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, समर्पण और सामाजिक न्याय का उत्कृष्ट उदाहरणः रेखा गुप्ता

नई दिल्ली, 10 अप्रैल (हि.स.)। डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में कर्तव्य पथ पर आयोजित ‘भीम ज्योति उत्सव’ में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सहभागिता की। मुख्यमंत्री ने ‘भीम ज्योति’ प्रज्वलित कर पांच दिवसीय उत्सव का शुभारंभ किया और बाबा साहेब के संघर्षों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान एक विशेष 'वॉकाथॉन' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसका उद्देश्य समाज में समानता और जागरूकता का संचार करना है। इसके उपरांत उन्होंने मेला स्थल का भ्रमण कर 50 से अधिक विभिन्न स्टॉल्स का निरीक्षण किया और वहां प्रदर्शित सामाजिक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली।

इस अवसर पर बाबा साहेब के सम्मान में ‘जय भीम’ अंकित 6,000 से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे पूरे परिसर में श्रद्धा और समरसता का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, समर्पण और सामाजिक न्याय का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने बताया कि बाबा साहेब द्वारा रचित संविधान मात्र एक कानूनी दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह देश के अंतिम पायदान पर खड़े नागरिक के अधिकारों और सम्मान की गारंटी है। उन्होंने आह्वान किया कि एक समतामूलक समाज के निर्माण के लिए हमें उनके विचारों को अपने आचरण में उतारना होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भीम ज्योति उत्सव-2026 केवल एक सरकारी आयोजन नहीं बल्कि यह एक व्यापक जन-आंदोलन है। इसके तहत आयोजित होने वाली प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं, कार्यशालाएं और कला प्रदर्शनियां विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों को उनके संवैधानिक कर्तव्यों और अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगी। उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली सरकार सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, और यह उत्सव उसी संकल्प की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।

इस अवसर पर मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि यह आयोजन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को अज्ञानता से ज्ञान की ओर ले जाने का एक सशक्त प्रयास है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान की दिल्ली सरकार द्वारा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में वंचित वर्गों के उत्थान के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि ‘लखपति बिटिया योजना’, छात्राओं को साइकिल वितरण तथा शिक्षा के क्षेत्र में सहायता जैसे प्रयासों के माध्यम से बेटियों और युवाओं को सशक्त बनाया जा रहा है।

रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य दलित बस्तियों सहित समाज के हर वर्ग तक विकास की योजनाओं को पहुंचाना है ताकि बाबा साहेब के सपनों का समतामूलक समाज साकार हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Tags