पीएसपीबी बाबा दीप सिंह बास्केटबॉल टूर्नामेंट में गार्गी, मिरांडा और खालसा कॉलेज की शानदार जीत

युगवार्ता    10-Apr-2026
Total Views |
प्लेयर ऑफ द मैच श्रुति


नई दिल्ली, 10 अप्रैल (हि.स.)। पांचवें पीएसपीबी बाबा दीप सिंह बास्केटबॉल (पुरुष एवं महिला) टूर्नामेंट के चौथे दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले, जहां गार्गी कॉलेज, मिरांडा हाउस, स्टनर अकादमी और एसजीटीबी खालसा कॉलेज ने अपने-अपने लीग मैच जीतकर प्रतियोगिता में मजबूत दावेदारी पेश की।

मेजबान एसजीटीबी खालसा कॉलेज के कोर्ट पर खेले गए महिला वर्ग के मुकाबलों में गार्गी कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रामजस कॉलेज को 61-39 के अंतर से हराया। गार्गी की श्रुति को उनके बेहतरीन खेल के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

एक अन्य महिला मुकाबले में मिरांडा हाउस ने मैत्रेयी कॉलेज पर 68-46 की प्रभावशाली जीत दर्ज की। इस मैच में मिरांडा हाउस की पार्निका ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का खिताब अपने नाम किया।

पुरुष वर्ग में स्टनर अकादमी ने हंसराज कॉलेज के खिलाफ आक्रामक खेल दिखाते हुए 96-81 से जीत हासिल की। स्टनर अकादमी के अभिनव को उनके शानदार योगदान के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।

दिन के अंतिम पुरुष मुकाबले में एसजीटीबी खालसा कॉलेज ने श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स को 92-81 से पराजित कर जीत दर्ज की। इस मैच में खालसा कॉलेज के तनुज को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला।

टूर्नामेंट के चौथे दिन के परिणामों ने प्रतियोगिता को और रोमांचक बना दिया है, जहां सभी टीमें अगले चरण में जगह बनाने के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा कर रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags