फिडे कैंडिडेट्स टूर्नामेंट 2026: जावोखिर सिंदारोव शीर्ष पर बरकरार, आर. वैशाली को बढ़त, दिव्या देशमुख को हार

युगवार्ता    10-Apr-2026
Total Views |
जावोखिर सिंदारोव ने आर. प्रज्ञानानंद के बीच मैच का दृश्य


नई दिल्ली, 10 अप्रैल (हि.स.)।साइप्रस में चल रहे फिडे कंडीडेट्स टूर्नामेंट 2026 के दसवें दौर में ओपन वर्ग में जावोखिर सिंदारोव ने आर. प्रज्ञानानंद को हराकर अपनी बढ़त और मजबूत कर ली। सिंदारोव अब आठ अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं और उन्होंने प्रज्ञानानंद के खिलाफ दूसरी जीत भी दर्ज की।

मुकाबले की शुरुआत में प्रज्ञानानंद ने अच्छा खेल दिखाया, लेकिन 22वीं चाल में की गई एक गलती (Bd7) उनके लिए भारी साबित हुई। इसके बाद सिंदारोव ने 23. Rf7 चाल चलकर जोरदार हमला किया और आगे की सटीक चालों से स्थिति पूरी तरह अपने पक्ष में कर ली। अंततः प्रज्ञानानंदा को हार माननी पड़ी।

अन्य मुकाबलों में अनीश गिरी और हिकारू नाकामुरा के बीच मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ, जिससे सिंदारोव को दो अंकों की बढ़त मिल गई। वहीं आंद्रेई एसिपेंको और मथियास ब्लूबाउम के बीच भी बाजी बराबर रही, जबकि फाबियानो कारुआना और वेई यी ने भी अंक साझा किए।

महिला वर्ग में आर. वैशाली ने अन्ना मुजिचुक के खिलाफ संतुलित खेल दिखाते हुए मुकाबला बराबरी पर खत्म किया और छह अंकों के साथ बढ़त हासिल की। उन्होंने विरोधी के हमलों को समझदारी से रोका और अंत में स्थिति पूरी तरह संतुलित कर दी।

वहीं दिव्या देशमुख को जीती हुई बाजी गंवानी पड़ी। समय के दबाव में हुई गलती का फायदा उठाते हुए अलेक्जेंड्रा गोऱ्याचकिना ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।

अन्य मुकाबलों में कातेरिना लाग्नो और तान झोंगयी के बीच बाजी बराबर रही, जबकि बिबिसारा अस्साउबायेवा ने झू जिनर को हराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags