देश में चल रहा है किसानों के विकास का महायज्ञ : शिवराज सिंह

युगवार्ता    11-Apr-2026
Total Views |
रायसेन में तीन दिवसीय राष्ट्रीय ‘उन्नत कृषि महोत्सव’ को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह


रायसेन में कृषि महोत्सव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री


रायसेन में तीन दिवसीय उन्नत कृषि महोत्सव-2026 का किया शुभारंभ


हितलाभ वितरण


भोपाल, 11 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विकसित भारत के लिए कृषि का विकास आवश्यक है। हमारे लिए किसान ही भगवान है और उनकी सेवा ही हमारी पूजा है। देश में किसानों के विकास का महायज्ञ चल रहा है। हमारा लक्ष्य 140 करोड़ देशवासी को भरपेट भोजन उपलब्ध कराना है। हमें कृषि उत्पादन बढ़ाना है और कृषि की लागत भी घटानी है।

केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान शनिवार को मध्य प्रदेश के रायसेन जिला मुख्यालय स्थित दशहरा मैदान में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में आयोजित उन्नत कृषि महोत्सव-2026 को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पूर्व में देश के कृषि मंत्री भी रहे हैं। वे स्वयं एक किसान हैं। आज रायसेन की पवित्र धरा पर ज्ञान, विज्ञान, अनुसंधान और कृषि का संगम हो रहा है। यह किसानों के लिए एक पाठशाला की तरह है, जहां किसानों को कृषि की नवीन तकनीकें सीखने का अवसर मिलेगा।

केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान ने कहा कि रायसेन जिला कृषि सहित हर क्षेत्र में आगे हैं, यहां की धान और गेहूं दुनियाभर में प्रसिद्ध है। रायसेन में दो विश्व धरोहर सांची और भीमबैठिका हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हमें शक्तिशाली विकसित भारत बनाना है। देश को मजबूत इरादों वाले प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री मिले हैं।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन में कृषि से किसानों को आय बढ़ाने के लिए एकीकृत खेती पर जानकारी प्रदान की जाएगी। इंटीग्रेडेट फॉर्मिंग से एक एकड़ में दो लाख तक की आय प्राप्त की जा सकती है। खेती से जुड़े अलग-अलग विषयों पर 20 सत्र आयोजित किए गए हैं। इसमें बीज से लेकर बाजार तक किसानों को हर तरह के सपोर्ट की जानकारी दी जाएगी। मिट्टी की जांच के लिए नया मोबाइल ऐप लॉन्च किया गया है। किसान अपनी रुचि के अनुसार सत्रों में बैठकर जानकारियां लें। इस क्षेत्र के किसानों की तकदीर बदलने के लिए ही यह महोत्सव मनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की सराहना की

केन्द्रीय मंत्री चौहान ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पूरा वर्ष ही कृषि कल्याण को समर्पित कर दिया है। उन्होंने बताया कि उन्नत कृषि महोत्सव में 12 अप्रैल को उनके संसदीय क्षेत्र के 4-5 जिलों का कृषि रोडमैप प्रस्तुत किया जाएगा। केंद्रीय कृषि मंत्रालय इसे रायसेन, भोपाल, विदिशा, सीहोर से शुरू कर पूरे देश में लागू करेगा। उन्होंने कहा कि रायसेन को हार्टिकल्चर हब बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। दलहन मिशन के अंतर्गत किसानों को तुअर, मसूर, उड़द, मूंगफली के उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

किसानों के श्रम से देश का खाद्यान्न निर्यात हुआ दोगुना, रायसेन 47 देशों को निर्यात कर रहा बासमतीः डॉ. यादव

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत की अलग छवि बन रही है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान देश में कृषि क्षेत्र की सफलता की पहचान बन चुके हैं। किसानों की मेहनत से अब हमारा देश दोगुना खाद्यान्न निर्यात कर रहा है। मध्य प्रदेश का केवल रायसेन जिला ही दुनिया के 47 से अधिक देशों को बासमती चावल का निर्यात कर रहा है।

मध्य प्रदेश के लिए शुभंकर हैं राजनाथ सिंह

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के हाथों कुछ दिन पहले ही मध्य प्रदेश में बीईएमएल के पहले रेल कारखाने का भूमि-पूजन हुआ है और आज वे किसानों को अपना मार्गदर्शन देने आए हैं। भारत का हर क्षेत्र में मान-सम्मान बढ़ रहा है। राजनाथ सिंह मध्य प्रदेश के लिए शुभंकर केन्द्रीय मंत्री हैं। खेत के श्रमवीर किसानों और सीमा पर शूरवीर जवानों के सम्मान में रक्षा मंत्री की उपस्थिति में उन्नत कृषि महोत्सव का यह आयोजन इन दोनों की गरिमा को बढ़ाने वाला है। जवानों से ही देश की सीमाएं सुरक्षित हैं।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकारों में प्रदेश के किसानों को गेहूं और धान का समुचित मूल्य मिला है। इस वर्ष हम किसानों से 2625 रुपए न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद रहे हैं। साथ ही 40 रुपये प्रति क्विंटल का अतिरिक्त बोनस भी दे रहे हैं। प्रदेश में सिंचाई का रकबा भी तेजी से बढ़ रहा है। वर्ष 2002-03 में जहां मात्र साढ़े सात लाख हैक्टेयर में रकबे में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध थी। हमारी सरकार में सिंचित रकबा बढ़कर अब 55 लाख हैक्टेयर तक पहुंच गया है। हम प्रदेश के एक करोड़ हैक्टेयर कृषि रकबे को सिंचित करने के लक्ष्य की पूर्ति के लिए मिशन मोड में आगे बढ़ रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब, किसान, युवा और नारी के समग्र कल्याण के लिए मिशन बनाकर विभिन्न योजनाओं की शुरुआत की है। हमारी सरकार, केन्द्र सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर काम कर रही है। हमने वर्ष 2026 को किसानों के लिए समर्पित कर इस पूरे वर्ष को किसान कल्याण वर्ष घोषित किया है। पूरे साल हम किसानों की बेहतरी के लिए और कृषि आधारित उद्योगों के विकास के लिए काम करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रायसेन में हो रहा यह उन्नत कृषि महोत्सव किसानों के लिए एक अद्भुत प्रयास है। इसकी मूल भावना किसानों का हर तरीके से कल्याण करना ही है। हमने प्रदेश के हर वर्ग और हर क्षेत्र के चहुंमुखी विकास का बीड़ा उठाया है। भारत सरकार के साथ मिलकर हम प्रदेश के विकास को नई गति देंगे। समारोह में मप्र के कृषि एदल सिंह कंषाना और पूर्व मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने भी संबोधित किया। केंद्रीय कृषि मंत्रालय में संयुक्त सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने स्वागत उद्बोधन में आयोजन से जुड़ी जानकारियां साझा कीं।

कृषि महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी, मप्र के मंत्रीगण करण सिंह वर्मा, नारायण सिंह कुशवाहा, लखन पटेल, नारायण सिंह पवार, नरेन्द्र शिवाजी पटेल, उत्तरप्रदेश के कृषि राज्यमंत्री सूर्यप्रताप साही, सांसद दर्शन सिंह चौधरी, विधायक सुरेन्द्र पटवा व रमाकांत भार्गव, पूर्व मंत्री रामपाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत सिंह मीणा, केन्द्रीय कृषि सचिव अतीश चन्द्रा, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के डीजी डॉ. एम.एल.जाट तथा बड़ी संख्या में किसान बंधु उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags