पेरिस/तेहरान, 11 अप्रैल (हि.स.)। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान से फोन पर बातचीत कर क्षेत्रीय तनाव कम करने और कूटनीतिक प्रयासों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
जानकारी के अनुसार इस बातचीत में मैक्रों ने इस्लामाबाद में जारी वार्ताओं का जिक्र करते हुए ईरान से अपील की कि वह इस मौके का फायदा उठाकर हालात को बेहतर बनाने की दिशा में कदम उठाए। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में संवाद और समझौता ही तनाव कम करने का सबसे प्रभावी तरीका है।
फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने खास तौर पर होर्मुज जलडमरूमध्य की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस अहम समुद्री मार्ग में जहाजों की आवाजाही को जल्द से जल्द सुरक्षित और सामान्य किया जाना चाहिए, क्योंकि यह वैश्विक व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
होर्मुज जलडमरूमध्य में मौजूदा बाधाएं अंतरराष्ट्रीय बाजारों पर व्यापक असर डाल सकती हैं। ऐसे में प्रमुख वैश्विक शक्तियां इस मार्ग को खुला और सुरक्षित रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।
इस बातचीत को क्षेत्र में चल रहे कूटनीतिक प्रयासों के बीच एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। माना जा रहा है कि यदि सभी पक्ष वार्ता के जरिए समाधान की दिशा में आगे बढ़ते हैं, तो मध्य-पूर्व में तनाव कम होने की संभावना बढ़ सकती है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय