इस्लामाबाद में अमेरिका-ईरान सीजफायर वार्ता का दूसरा दौर शुरू

युगवार्ता    11-Apr-2026
Total Views |

इस्लामाबाद, 11 अप्रैल (हि.स.)। अमेरिका और ईरान के बीच जारी सीजफायर वार्ता का दूसरा दौर पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुरू हो गया है। इस अहम बैठक में सुरक्षा, सैन्य, राजनीतिक, आर्थिक और कानूनी मामलों के विशेषज्ञ शामिल हैं, जो व्यापक समाधान की दिशा में चर्चा कर रहे हैं।

इस बीच, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने बातचीत में शामिल अपने प्रतिनिधिमंडल की सराहना करते हुए कहा कि ईरानी टीम देश के हितों की रक्षा के लिए मजबूती और बिना किसी दबाव के बातचीत कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि सरकार हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ी रहेगी और वार्ता का परिणाम चाहे जो भी हो, राष्ट्रीय हित सर्वोपरि रहेगा।

दूसरी ओर, पाकिस्तान के योजना एवं विकास मंत्री एहसान इकबाल ने इस वार्ता को वैश्विक महत्व का बताया है। उनका कहना है कि यह केवल दो देशों के बीच का मामला नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था इससे जुड़ी हुई है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि इस वार्ता से कोई ठोस समाधान निकलेगा, हालांकि यदि केवल सीजफायर को आगे बढ़ाने और बातचीत जारी रखने पर सहमति बनती है, तो भी इसे बड़ी उपलब्धि माना जाएगा।

मंत्री ने यह भी कहा कि दोनों देशों का इस वार्ता के लिए पाकिस्तान आना और उच्च स्तर की भागीदारी यह दर्शाती है कि सभी पक्ष इस मुद्दे को गंभीरता से ले रहे हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार, यदि यह वार्ता सफल होती है, तो न केवल क्षेत्रीय तनाव कम होगा, बल्कि वैश्विक व्यापार, ऊर्जा आपूर्ति और आर्थिक स्थिरता पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। फिलहाल, अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें इस बातचीत के नतीजों पर टिकी हुई हैं।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags