
फाइनल में पहुंचने वाले दूसरे भारतीय बने
नई दिल्ली, 11 अप्रैल (हि.स.)।बैडमिंटन एशिया चैम्पियनशिप के पुरुष एकल वर्ग में भारत के युवा खिलाड़ी आयुष शेट्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ा उलटफेर किया। उन्होंने शनिवार को मौजूदा चैंपियन और विश्व नंबर एक कुनलावुत वितिदसार्न को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इस जीत के साथ आयुष इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता के पुरुष एकल फाइनल में पहुंचने वाले केवल दूसरे भारतीय बन गए हैं।
इससे पहले भारत के लिए इस प्रतियोगिता में दिनेश खन्ना ने वर्ष 1965 में स्वर्ण पदक जीता था। उसके बाद सुरेश गोयल, प्रकाश पादुकोण, पुलेला गोपीचंद, अनुप श्रीधर और एच. एस. प्रणय ने अलग-अलग वर्षों में कांस्य पदक हासिल किया था, लेकिन कोई भी खिलाड़ी फाइनल तक नहीं पहुंच सका।
विश्व रैंकिंग में 25वें स्थान पर काबिज आयुष ने यह मुकाबला एक घंटे पंद्रह मिनट में 10-21, 21-19 और 21-17 से जीता। अब खिताबी मुकाबले में उनका सामना चीन के शि यू ची या चीनी ताइपे के चोउ तिएन चेन में से किसी एक खिलाड़ी से होगा।
यह आयुष और वितिदसार्न के बीच दूसरी भिड़ंत थी। पिछली बार दोनों का सामना आर्कटिक ओपन में हुआ था, जिसमें थाई खिलाड़ी ने जीत दर्ज की थी। इस मुकाबले में भी वितिदसार्न ने पहला गेम आसानी से अपने नाम किया, लेकिन इसके बाद आयुष ने जबरदस्त वापसी की।
दूसरे गेम में आयुष ने मजबूत रक्षात्मक खेल दिखाया और बढ़त हासिल की। हालांकि विरोधी खिलाड़ी ने वापसी की कोशिश की, लेकिन आयुष ने निर्णायक अंक लेकर मुकाबले को तीसरे गेम तक पहुंचाया। अंतिम गेम में आयुष ने शुरू से ही बढ़त बनाए रखी और शानदार स्मैश के साथ ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
इससे पहले आयुष ने शुरुआती दौर में विश्व नंबर सात ली शी फेंग को हराया था। उसके बाद उन्होंने ची यू जेन को सीधे गेमों में पराजित किया। क्वार्टर फाइनल में उन्होंने विश्व नंबर चार जोनाथन क्रिस्टी को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।
अब पूरे देश की नजरें आयुष पर टिकी हैं, जो फाइनल में इतिहास रचने के इरादे से उतरेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे