अमेरिका ने ईरान बंधक संकट के आरोपित रिश्तेदारों के ग्रीन कार्ड किए रद्द

युगवार्ता    11-Apr-2026
Total Views |

वाशिंगटन, 11 अप्रैल (हि.स.)। अमेरिका ने 1979 के चर्चित ईरान बंधक संकट से जुड़े एक प्रमुख चेहरे के परिवार के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए ग्रीन कार्ड रद्द कर दिया है। अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार, ईसा हाशमी, उनकी पत्नी और बेटे को देश से निष्कासन (डिपोर्टेशन) का सामना करना पड़ेगा।

विदेश विभाग ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई हाशमी के पारिवारिक संबंधों के आधार पर की गई है। वह मासूमेह एब्तेकार के पुत्र हैं, जो 1979 में तेहरान स्थित अमेरिकी दूतावास पर कब्जा करने वाले समूह की अंग्रेजी प्रवक्ता थीं।

एब्तेकार उस समय अंतरराष्ट्रीय सुर्खियों में आई थीं, जब उन्होंने बंधक बनाए गए अमेरिकी राजनयिकों और नागरिकों के मुद्दे पर उग्र बयान दिए थे। इस घटना ने अमेरिका-ईरान संबंधों में गहरा तनाव पैदा किया था, जो लंबे समय तक बना रहा।

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इस फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि ऐसे व्यक्तियों के परिवारों को अमेरिका में रहने का विशेषाधिकार नहीं मिलना चाहिए, जिनका संबंध अमेरिकी हितों के खिलाफ रहे घटनाक्रम से जुड़ा रहा हो।

रिपोर्ट के अनुसार, हाशमी और उनके परिवार को फिलहाल आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन (आईसीई) की हिरासत में रखा गया है और उनकी निष्कासन प्रक्रिया जारी है।

यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब हाल ही में अमेरिका ने ईरान से जुड़े कुछ अन्य व्यक्तियों पर भी कार्रवाई की है। इससे संकेत मिलता है कि वॉशिंगटन ईरान से जुड़े संवेदनशील मामलों पर सख्त रुख अपनाए हुए है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags