मुंबई, 11 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के नासिक जिले के सिन्नर तहसील में स्थित पंचाले-शहा रोड पर शनिवार को तडक़े एक ट्रक और पिकअप ट्रक में ज़ोरदार टक्कर के बाद पिकअप वाहन में आग लग जाने से चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो महिला और दो पुरुष हैं। इस हादसे में दो घायलों का इलाज सिन्नर जिला उप अस्पताल में जारी है। इस हादसे की छानबीन एमआईडीसी पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस हादसे के छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि नासिक के पंचाले गांव के कुछ लोग पिकअप वाहन में जागरण के लिए गोंडल गए थे। वहां से लौटते समय आज तडक़े उनके पिकअप वाहन को एक ट्रक ने टक्कर मार दिया। इससे पिकअप वाहन में आग लग गई। इस हादसे में पिकअप वाहन चालक और एक व्यक्ति घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि चार लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एमआईडीसी पुलिस स्टेशन की टीम और फायर ब्रिगेड के जवान मौके पर पहुंचे और चारों घायलों को सिन्नर जिला उप अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया। लेकिन आज सुबह इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। हादसे में मरने वाले चारों लोग सिन्नर तहसील के पंचाले गांव के रहने वाले थे।
मृतकों की पहचान पिकअप ड्राइवर किरण रवींद्र मोरे (25), शुभम गणेश नवले (22), रिंकू शुभम नवले (19) और मीराबाई विश्वनाथ गंगुर्डे (35) के रुप में की गई है । इस घटना में सचिन गणेश नवले और सुनीता गणेश नवले दोनों गंभीर रूप से घायल हैं, दोनों का इलाज जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव