ईरान का आरोप- अमेरिकी मीडिया अपना रहा दोहरा रवैया, बयानबाजी पर उठाए सवाल

युगवार्ता    12-Apr-2026
Total Views |
ईरान का आरोप- अमेरिकी मीडिया अपना रहा दोहरा रवैया, बयानबाजी पर उठाए सवाल


तेहरान, 11 अप्रैल (हि.स.)। ईरान ने अमेरिकी मीडिया पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि एक ओर अमेरिका ईरान पर ईमानदारी की कमी का आरोप लगाता है, दूसरी ओर कुछ अमेरिकी मंचों पर ईरानी प्रतिनिधियों के खिलाफ हिंसक बयान सामने आ रहे हैं।

बघाई ने अपने बयान में द वॉशिंगटन पोस्ट में प्रकाशित एक लेख का हवाला देते हुए कहा कि उसमें यह संकेत दिया गया था कि ईरानी नेताओं की सुरक्षा किसी समझौते पर निर्भर हो सकती है। उन्होंने इस तरह की टिप्पणी को गंभीर बताते हुए सवाल उठाया कि क्या यह दबाव बनाने या धमकी देने का प्रयास नहीं है।

उन्होंने कहा कि इस तरह की बयानबाजी कूटनीतिक वार्ताओं के माहौल को प्रभावित करती है और यह संवाद की प्रक्रिया को कमजोर कर सकती है। बघाई के अनुसार, हिंसा या भय का संकेत देकर बातचीत को प्रभावित करना अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप नहीं है।

ईरान का यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच विभिन्न मुद्दों पर बातचीत जारी है। दोनों देशों के बीच चल रही वार्ताओं को लेकर वैश्विक स्तर पर भी नजरें टिकी हुई हैं।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags