पश्चिम बंगाल चुनाव : एआई वीडियो विवाद पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पलटवार

युगवार्ता    12-Apr-2026
Total Views |
ममता बनर्जी


बांकुड़ा, 12 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) वीडियो विवाद ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है। इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को बांकुड़ा के ओंदा में आयोजित चुनावी सभा में बिना नाम लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा।

दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने आरोप लगाया था कि 2026 के विधानसभा चुनाव में संभावित हार को देखते हुए तृणमूल कांग्रेस ने एआई की मदद से फर्जी वीडियो तैयार किया है। इस आरोप पर पलटवार करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि जिस व्यक्ति का वीडियो बताया जा रहा है, वह खुद उसकी सत्यता स्वीकार कर रहा है, जबकि कुछ लोग उसे एआई से बना बता रहे हैं।

हालांकि, उन्होंने सीधे नाम नहीं लिया, लेकिन यह विवाद हुमायूं कबीर से जुड़े वीडियो को लेकर है। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि मुस्लिम मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए बड़े स्तर पर साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि “एक तरफ हिंदुओं को और दूसरी तरफ मुसलमानों को भ्रमित किया जा रहा है।”

वास्तव में यह विवाद पिछले गुरुवार से शुरू हुआ, जब तृणमूल कांग्रेस ने हुमायूं कबीर और भाजपा के बीच कथित ‘गुप्त समझौते’ का आरोप लगाते हुए 19 मिनट का एक वीडियो जारी किया। पार्टी का दावा था कि वीडियो में कबीर भाजपा से 1000 करोड़ रुपये की मांग करते दिखाई दे रहे हैं, जिसमें से 200 करोड़ रुपये तत्काल देने की बात कही गई है और बदले में राज्य में भाजपा सरकार को समर्थन देने का आश्वासन दिया गया है।

शुक्रवार को हुमायूं कबीर ने इस वीडियो को एआई से तैयार बताया था, लेकिन शनिवार को उन्होंने अपने बयान में बदलाव करते हुए कहा कि यह 51 मिनट से अधिक लंबा वीडियो है, जिसमें केवल एक हिस्सा सार्वजनिक किया गया है और वे पूरा वीडियो जारी करेंगे। इससे मामले ने और तूल पकड़ लिया है और राजनीतिक हलकों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है।

ममता बनर्जी ने इस दौरान राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि असम में लाखों लोगों के नाम सूची से बाहर हो गए थे और अगर बंगाल में एनआरसी लागू किया गया, तो लोगों के अधिकार प्रभावित होंगे। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि अपने अधिकारों की रक्षा के लिए तृणमूल कांग्रेस का समर्थन जरूरी है।

इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि यदि केंद्रीय बलों द्वारा किसी महिला के साथ दुर्व्यवहार किया जाता है, तो तुरंत एफआईआर दर्ज कराई जानी चाहिए।-------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

Tags