बंगाल में वंचितों की आवाज है एआईएमआईएम : ओवैसी

युगवार्ता    13-Apr-2026
Total Views |
रानीगंज मजार पर जाते असदुद्दीन ओवैसी


आसनसोल, 13 अप्रैल (हि.स.)। ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि पश्चिम बंगाल के मुसलमानों को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाना उनका एकमात्र उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि बंगाल में एआईएमआईएम वंचितों की आवाज है।

पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए प्रचार करने पहुंचे एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने सोमवार को रानीगंज में दरगाह हुजूर गौसे बंगला पर पहुंचकर इबादत की। इस दौरान उनके साथ जिले के कई पार्टी पदाधिकारी और आसनसोल उत्तर सीट से पार्टी के उम्मीदवार दानिश अजीज भी मौजूद रहे।

मजार पर दुआ मांगने के बाद ओवैसी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अब समय आ गया है जब बंगाल के मुसलमानों को अपना स्वतंत्र और मजबूत राजनीतिक नेतृत्व तैयार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लंबे समय से राज्य का मुसलमान कुछ चुनिंदा राजनीतिक दलों के साथ जुड़ा रहा है, लेकिन इससे उनकी सामाजिक और आर्थिक स्थिति में कोई ठोस सुधार नहीं हो पाया।

ओवैसी ने कहा कि आज भी बड़ी संख्या में मुसलमान गरीबी और अशिक्षा जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे में इस स्थिति से बाहर निकलने का एकमात्र रास्ता राजनीतिक सशक्तिकरण है।

ओवैसी ने उनकी पार्टी पर ‘बी टीम’ होने के आरोपों पर कहा कि एआईएमआईएम किसी भी दल की पिछलग्गू नहीं है। उन्होंने कहा कि कभी उनकी पार्टी को भाजपा की बी टीम कहा जाता है तो कभी तृणमूल कांग्रेस की, लेकिन सच्चाई यह है कि उनकी पार्टी केवल वंचित और हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने यह भी कहा कि एआईएमआईएम का एकमात्र उद्देश्य उन वर्गों को उनका हक और अधिकार दिलाना है, जो अब तक राजनीतिक रूप से उपेक्षित रहे हैं। ओवैसी ने साफ किया कि पार्टी का फोकस उन क्षेत्रों पर रहेगा जहां अल्पसंख्यक और वंचित वर्ग निर्णायक भूमिका निभाते हैं। ई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

Tags