
मुंबई, 13 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में सोमवार को मुंबई में हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में 'आशा भोसले म्यूजिक एकेडमी' बनाने का निर्णय लिया गया। इस निर्णय के साथ ही कैबिनेट की बैठक में कुल आठ निर्णय लिए गए हैं।
बैठक की शुरुआत में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और सभी कैबिनेट मंत्रियों ने महान गायिका आशा भोसले को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कैबिनेट बैठक में बताया कि आशा भोसलेजी ने बांद्रा और अंधेरी के बीच संगीत अकादमी के लिए भू-खंड की मांग की थी। उनकी मांग के अनुसार मुंबई में आशा भोसले म्यूजिक एकेडमी बनाई जाएगी। प्रशासन को इसके लिए स्थल की पहचान करने का निर्देश दिया गया है।
परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि सरकार को आशा भोसले की याद में स्मारक बनाना चाहिए। इसपर मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी सरकार आशा भोसले एकेडमी पर फोकस कर रही है, बाद में इस विषय पर विचार किया जाएगा।
कैबिनेट बैठक में सरकारी सेवाओं के लिए भर्ती प्रक्रिया में सुधार किए जाने, कुलगांव-बदलापुर में स्वीकृत विकास योजना में स्टेडियम के लिए आरक्षित भूमि में बदलाव किए जाने, मुंबई में स्किल टेक यूनिवर्सिटी बनाने, तटीय जिलों में मछुआरों को बेसिक सुविधाएं दिए जाने, राज्य में मेडिकल शिक्षा प्रणाली, नर्सिंग सर्विस और हेल्थ सर्विस डिलीवरी सिस्टम और बेहतर बनाए जाने आदि महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
भारतीय संगीत जगत की प्रसिद्ध गायिका आशा भोसले का रविवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया था। वे 92 साल की थीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव