प्रधानमंत्री के रोड शो में मानव श्रृंखला बनाकर लोगों ने बरसाए फूल, मोदी-मोदी के नारों से गूंजीं शिवालिक की पहाड़ियां

युगवार्ता    14-Apr-2026
Total Views |
बालिकाएं प्रधानमंत्री का स्वागत करती हुई।


प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वागत में रोड शो के दौरान मौजूद जनसमूह।


प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रोड शो के दौरान हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए।


प्रधानमंत्री शिवालिक की पहाड़ियों को निहारते हुए।


देहरादून, 14 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड की शक्ति, सामर्थ्य और आर्थिक उन्नति के पथ का प्रतीक देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रोड शो में भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने मानव श्रृंखला बनाकर प्रधानमंत्री मोदी पर फूल बरसा कर उनका भव्य स्वागत किया। रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री ने भी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। रोड शो के बाद वे उत्तराखंड के प्रसिद्ध डाट काली मंदिर पहुंचे। यहां बालिकाओं ने महिषासुरमर्दिनी स्तोत्र अयि गिरिनन्दिनी, नन्दित मेदिनि का सुंदर गाया। इस दौरान प्रधानमंत्री शांति से कुछ देर स्तोत्र की ऋचाओं को सुना। इसके बाद उन्होंने मॉ काली के दर्शन व पूजा-अर्चना की।

उत्तराखंड के लिए आज का दिन विशेष है। वैशाखी पर्व पर आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उत्तराखंड को दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारा के रूप में एक बड़ी सौगात दे रहे हैं। प्रधानमंत्री के पहुंचते ही लोगों ने पूरे जोश के साथ नरेन्द्र मोदी जिन्दाबाद, मोदी-मोदी, भारत माता की जय के नारों के साथ लोगों ने मोदी पर फूल बरसाए। प्रधानमंत्री ने लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। रोड शो के दौरान लोग उत्साह से लबरेज दिखे। रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री ने हिमालय की शिवालिक पर्वत श्रृखंलाओं को भी देखा। इस दौरान एलिवेट एक्सप्रेस-वे पर कई जगह सांस्कृतिक झांकियों के प्रदर्शन किया गया, जिसमें उत्तराखंड की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक परंपराओं की झलक भी नजर आई। प्रधानमंत्री के स्वागत में सड़कों पर कई जगह लोगों की भारी भीड़ माैजूद रही। वहीं, स्कूली छात्र-छात्राएं और बच्चे भी दूर-दराज से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए कलाकारों ने भी अपनी भागीदारी दर्ज की। कलाकारों ने लोकनृत्य सहित कई मनमोहक प्रस्तुतियां देकर माहौल को और अधिक उत्सवमय बना दिया। रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री ने पर्यावरण के साथ संतुलन बनाकर तैयार किए गए वन्य जीव गलियारे का भी निरीक्षण किया और उसके खूबियों को जाना।

प्रधानमंत्री माेदी रोड शो के बीच मां डाट काली मंदिर पहुंचे। इस माैके पर सुंदर परिधानों में सजी बालिकाओं ने महिषासुरमर्दिनी स्तोत्र समेत अन्य स्तुतियां गाकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। प्रधानमंत्री ने डाट काली मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर मां काली की विभिन्न पूजाएं कर देश की तरक्की, उन्नति और सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा अर्चना के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र माेदी गढ़ीकैंट स्थित जसवंत सिंह मैदान पहुंच गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Tags