जब तक हिंदुस्तान रहेगा उलमा की कुर्बानियों की याद ज़िंदा रहेगी : मौलाना महमूद मदनी

युगवार्ता    14-Apr-2026
Total Views |
जब तक हिंदुस्तान रहेगा उलमा की कुर्बानियों की याद ज़िंदा रहेगी : मौलाना महमूद मदनी


- अंडमान में स्वतंत्रता सेनानी अल्लामा फ़ज़्ल-ए-हक़ खैराबादी के मज़ार पर जमीअत उलमा-ए-हिंद के प्रतिनिधिमंडल की हाज़िरी

नई दिल्ली, 14 अप्रैल (हि.स.)। जमीअत उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी के साथ जमीअत के प्रांतीय अध्यक्षों और सचिवों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज महान स्वतंत्रता सेनानी, हज़रत अल्लामा फ़ज़्ल-ए-हक़ खैराबादी के मज़ार पर हाज़िरी दी। इस अवसर पर ईसाल-ए-सवाब और दुआ-ए-मग़फ़िरत की गई तथा उनकी बेमिसाल इल्मी सेवाओं पर ख़िराज-ए-अक़ीदत पेश किया गया।

उल्लेखनीय है कि जमीअत उलमा-ए-हिंद का आठवां केंद्रीय सलाहाकार सम्मेलन इन दिनों अंडमान एवं निकोबार में जारी है। जमीअत उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष ने इस दौरान हज़रत अल्लामा फ़ज़्ल-ए-हक़ खैराबादी के मज़ार पर हाज़िरी दी।

हज़रत अल्लामा फ़ज़्ल-ए-हक़ खैराबादी 1857 की जंग-ए-आज़ादी के उन नायकों में शामिल थे, जिन्होंने अंग्रेज़ी शासन के ख़िलाफ़ फ़तवा जारी किया और वतन की आज़ादी के लिए लोगों को तैयार किया था। इसी कारण उन्हें गिरफ़्तार किया गया, उन पर बग़ावत का मुक़दमा कायम किया गया और फांसी की सज़ा सुनाई गई।

इस अवसर पर जमीअत उलमा-ए-हिंद के उपाध्यक्ष मौलाना मोहम्मद सलमान बिजनौरी, महासचिव हकीमुद्दीन क़ासमी, मौलाना नियाज़ फ़ारूक़ी तथा अन्य केंद्रीय पदाधिकारी भी मौजूद थे।

इस ऐतिहासिक अवसर पर जमीअत उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष को “बाग़ी हिंदुस्तान” शीर्षक से एक पुस्तक भी भेंट की गई।

मौलाना महमूद मदनी ने कहा कि हज़रत अल्लामा फ़ज़्ल-ए-हक़ खैराबादी केवल एक स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि अपने दौर के एक विशिष्ट आलिम, दार्शनिक और इल्मी दुनिया के रौशन सितारे थे। मौलाना मदनी ने कहा, “जब तक हिंदुस्तान कायम है, इस महान स्वतंत्रता सेनानी और उलमा की कुर्बानियों की याद ज़िंदा रहेगी।”

उन्होंने आगे कहा कि अंडमान में हज़रत अल्लामा फ़ज़्ल-ए-हक़ खैराबादी रहमतुल्लाह अलैह को जो स्थान और राष्ट्रीय स्तर पर जो सम्मान मिलना चाहिए था, वह अब तक पूरी तरह नहीं मिल सका है और इस ओर गंभीरता से ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है।

अंत में जमीअत उलमा-ए-हिंद के सभी पदाधिकारियों ने हज़रत अल्लामा फ़ज़्ल-ए-हक़ खैराबादी के सम्मान में विशेष दुआ की।

हिन्दुस्थान समाचार/मोहम्मद ओवैस

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Abdul Wahid

Tags