नेपाल सरकार ने शासन सुधार के रोडमैप के साथ सार्वजनिक किया ‘राष्ट्रीय प्रतिबद्धता दस्तावेज'

युगवार्ता    14-Apr-2026
Total Views |
लुंबिनी प्रदेश के सांसदों के साथ प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह


काठमांडू, 14 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के नेतृत्व वाली सरकार ने शासन सुधार के रोडमैप के साथ 22 पृष्ठों का ‘राष्ट्रीय प्रतिबद्धता दस्तावेज' सार्वजनिक किया है।

प्रधानमंत्री के राजनीतिक सलाहकार असीम शाह ने बताया कि नेपाल में बालेन्द्र शाह के नेतृत्व वाली सरकार बनने के तुरंत बाद २८ मार्च को जारी 100 बिंदुओं वाली कार्यसूची के विषय को लागू करते हुए यह साझा प्रतिबद्धता जताई गई है। उन्होंने बताया कि इसमें शामिल विषय किसी एक दल तक सीमित न होकर ५ मार्च को हुए चुनाव में सहभागी राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त सभी 6 राजनीतिक दलों का साझा दस्तावेज है। असीम शाह ने कहा कि चुनाव के दौरान इन 6 दलों के घोषणापत्र, वचनपत्र और प्रतिबद्धताओं को एकीकृत कर सरकार ने इसे साझा स्वामित्व के रूप में अपनाया है।

सरकार ने घोषणा की है कि इस राष्ट्रीय प्रतिबद्धता को केवल दस्तावेज़ तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे आगामी आर्थिक वर्ष २०२६-२७ और उसके बाद के वर्षों की वार्षिक नीतियों, कार्यक्रमों, बजट और सुधार एजेंडा से सीधे जोड़ा जाएगा। विभिन्न मंत्रालय और संबंधित निकाय अपने-अपने वार्षिक कार्यक्रम और बजट में इसे शामिल कर इसके कार्यान्वयन को सुनिश्चित करेंगे। प्रतिबद्धता के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए अंतर-निकाय समन्वय और निगरानी की जिम्मेदारी प्रधानमंत्री तथा मंत्रिपरिषद कार्यालय के विकास प्रबंधन क्षेत्र देखने वाले सचिव को सौंपी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags