
काठमांडू, 15 अप्रैल (हि.स.)। ईरानी सेना की हिरासत में रहे नेपाली युवक अमृत झा को बुधवार को रिहा कर दिया गया है। नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने आधिकारिक तौर पर उनकी रिहाई की पुष्टि की है।
खनाल ने बताया कि वे ईरान स्थित नेपाली महावाणिज्य दूतावास और कतर स्थित नेपाली दूतावास के संपर्क में हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी कि झा को ईरान से बाहर निकालने की प्रक्रिया जारी है।
ईरान-अमेरिका और इजराइल के बीच जारी संघर्ष के चलते मध्यपूर्व के विभिन्न स्थानों पर मृत 38 नेपाली नागरिकों के शव स्वदेश लाने में देरी हो रही है। मंत्रालय के अनुसार रियाद में 17, दुबई में 15, जेद्दा में 5, अबू धाबी में 4, तेल अवीव में 3, कतर में 2 तथा ओमान और बहरीन से 1-1 शव नेपाल लाए जाने बाकी हैं।
उल्लखेनीय है कि नेपाल के उदयपुर जिले (त्रियुगा नगरपालिका-11) के निवासी अमृत झा दुबई की कंपनी 'ब्लैक सी मरीन एलएलसी' में जहाज के कैप्टन (चालक) के रूप में कार्यरत थे। उन्हें होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरानी सुरक्षा बलों ने उस समय हिरासत में लिया था, जब वह ईंधन लेकर दुबई लौट रहे थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास