
नई दिल्ली, 15 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव का जल्दी हल निकलने की उम्मीद के कारण दुनिया भर के बाजार में जोश का माहौल बना हुआ नजर आ रहा है। अमेरिकी बाजार भी पिछले सत्र के दौरान मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहे। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज बढ़त के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार खरीदारी होती रही। इसी तरह एशियाई बाजार में भी चौतरफा खरीदारी हो रही है।
ईरान के साथ दोबारा बातचीत शुरू होने का संकेत मिलने के कारण अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान लगातार उत्साह का माहौल बना रहा। डाउ जॉन्स 600 अंक तक उछल गया। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 81.14 अंक यानी 1.18 प्रतिशत की तेजी के साथ 6,967.38 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 455.35 अंक यानी 1.96 प्रतिशत की मजबूती के साथ 23,639.08 अंक के स्तर पर बंद हुआ। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 80.74 अंक यानी 0.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 48,616.73 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
अमेरिकी बाजार की तरह ही यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान जोश बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.25 प्रतिशत की छलांग लगा कर 10,609.06 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 91.88 अंक यानी 1.10 प्रतिशत उछल कर 8,327.86 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 301.78 अंक यानी 1.26 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,044.22 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
एशियाई बाजार में भी आज चौतरफा तेजी का रुख बना हुआ है। एशिया के नौ बाजार में से आठ के सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। थाईलैंड के स्टॉक एक्सचेंज में छुट्टी होने के कारण सेट कंपोजिट इंडेक्स में आज कोई हलचल नहीं है। गिफ्ट निफ्टी 335 अंक यानी 1.40 प्रतिशत की तेजी के साथ 24,212.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
इसी तरह हैंग सेंग इंडेक्स 263.68 अंक यानी 1.01 प्रतिशत की मजबूती के साथ 26,136 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। कोस्पी इंडेक्स ने आज जोरदार छलांग लगाई है। फिलहाल यह सूचकांक 180.92 अंक यानी 3.03 प्रतिशत उछल कर 6,148.67 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसी तरह ताइवान वेटेड इंडेक्स 599.50 अंक यानी 1.65 प्रतिशत की बढ़त के साथ 36,895.62 अंक के स्तर पर आ गया है।
इसके अलावा निक्केई इंडेक्स 454.61 अंक यानी 0.79 प्रतिशत की मजबूती के साथ 58,332 अंक के स्तर पर, स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.48 प्रतिशत की तेजी के साथ 5,031.66 अंक के स्तर पर, शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.37 प्रतिशत उछल कर 4,041.45 अंक के स्तर पर और जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ 7,688.30 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक