
मुंबई, 15 अप्रैल (हि.स)। सार्वजनिक क्षेत्र की जीवन बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने बुधवार को माईएलआईसी और सुपर सेल्स साथी ऐप लॉन्च किए हैं। इससे अब पॉलिसी मैनेजमेंट, प्रीमियम पेमेंट और अन्य सेवाएं मोबाइल पर आसान हो जाएंगी।
कंपनी ने कहा कि माईएलआईसी ऐप ग्राहकों के लिए और सुपर सेल्स साथी ऐप मध्यस्थों यानी बिक्री बिचौलियों के लिए बनाया गया है। एलआईसी ने बताया कि इससे समय की बचत होगी, काम पहले से ज्यादा तेज और आसान होगा। कंपनी के मुताबिक माईएलआईसी ऐप अगली पीढ़ी का एक मोबाइल एप्लिकेशन है, जिसे इस अनुभव को फिर से परिभाषित करने के लिए बनाया गया है कि पॉलिसीधारक अपने जीवन बीमा पोर्टफोलियो को कैसे प्रबंधित करेंगे।
इसके अलावा सुपर सेल्स साथी ऐप एलआईसी के मार्केटिंग कर्मियों के लिए अगली पीढ़ी का मोबाइल एप्लिकेशन है। इन ऐप्स को 'उपयोगकर्ता-प्रथम' दर्शन के साथ डिजाइन किया गया है, जो एक सहज, बुद्धिमान और व्यक्तिगत 360 डिग्री अनुभव प्रदान करने के लिए सहज डिजाइन, शक्तिशाली सुविधाओं और अत्याधुनिक तकनीक को एक साथ लाता है। भारतीय जीवन बीमा निगम के अगली पीढ़ी के डिजिटल ऐप्स को ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाने, मध्यस्थों को सशक्त बनाने और आंतरिक कार्यों को आधुनिक बनाने पर विशेष ध्यान देते हुए डिजाइन किया गया है। एआई सहित उन्नत तकनीकों की मदद से बनाए गए इन ऐप्स का उद्देश्य एक सहज, सुरक्षित और पूरी तरह से एकीकृत डिजिटल बीमा इकोसिस्टम प्रदान करना है।
वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग सचिव एम. नागराजू, मुंबई में एलआईसी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और एमडी आर. दोराईस्वामी, प्रबंध निदेशक दिनेश पंत, रत्नाकर पटनायक, आर. चंदर और कंपनी के वरिष्ठ प्रबंधन की उपस्थिति रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर