आंध्रप्रदेश में टीडीपी संगठन में व्यापक बदलाव, नारा लोकेश बने पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष

युगवार्ता    15-Apr-2026
Total Views |
नारा लोकेश बने टीडीपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष


नारा लोकेश बने टीडीपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष


हैदराबाद, 15 अप्रैल (हि.स.)। आंध्र प्रदेश में नारा चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) ने बड़े पैमाने पर पार्टी संगठनात्मक बदलाव किया है। चंद्रबाबू नायडू ने अपने बेटे नारा लोकेश नायडू को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। साथ ही पार्टी ने पहली बार एक सांसद महिला को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी है। पार्टी ने 26 सदस्यीय पोलित ब्यूरो और 31 सदस्यीय राष्ट्रीय समिति सहित राज्य समिति का भी गठन किया है।

जानकारी के अनुसार नवगठित संरचना में 26 सदस्यीय पोलित ब्यूरो, तीन सदस्यीय पॉलिटिकल ब्यूरो, राष्ट्रीय समिति और एक राज्य समिति घाेषित की गई है। टीडीपी ने राष्ट्रीय स्तर पर तीन राष्ट्रीय महासचिव के अलावा 18 उपाध्यक्ष और 10 प्रवक्ता नामित किए हैं, जबकि राज्य इकाई में सात महासचिव, 16 उपाध्यक्ष, 14 प्रवक्ता, 111 जोनल समन्वयक, 58 कार्यकारी सचिव और 77 सचिव शामिल होंगे।

43 वर्षीय एन. लोकेश नायडू आंध्र प्रदेश की सरकार में आईटी और मानव संसाधन विकास मंत्री हैं। अबतक वे तेलुगु देशम पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव के तौर पर काम कर रहे थे। अब उनको राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। यानी उनकी पार्टी में नंबर दो की हैसियत हो गई है।

टीडीपी ने नंदयाल से सांसद डॉ. बायरेड्डी शबरी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया है। महासचिव के तौर पर किसी महिला की ये पहली नियुक्ति है।

श्रीकाकुलम से सांसद और केंद्रीय मंत्री के. राम मोहन नायडू तथा टीडीपी के रणनीतिकार और लोकेश के करीबी सहयोगी राजेश किलारू को भी राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया है।

पेशे से रेडियोलॉजिस्ट डॉ. शबरी पहली बार सांसद बनी हैं और एक राजनीतिक परिवार से आती हैं। उनके पिता बायरेड्डी राजशेखर रेड्डी नंदीकोटकुर से दो बार विधायक रह चुके हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत भाजपा से की थी, लेकिन 1994 के चुनाव से पहले टीडीपी में शामिल हो गए थे। डॉ. शबरी के दादा बायरेड्डी शेषसायन रेड्डी तीन बार टीडीपी के विधायक रह चुके हैं।

टीडीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एन. चंद्रबाबू नायडू ने व्यापक विचार-विमर्श के बाद आंध्र प्रदेश इकाई के अध्यक्ष के रूप में पल्ला श्रीनिवास राव को बरकरार रखा है। टीडीपी के राष्ट्रीय महासचिव नामित राजेश किलारू, लोकेश नायडू के पुराने मित्र और भरोसेमंद सहयोगी हैं। उन्होंने लोकेश की 3,000 किलोमीटर से अधिक लंबी पदयात्रा ‘युवा गलम’ की योजना बनाने और उसे सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। जिससे लोकेश को ग्रामीण युवाओं से जुड़ने और 2024 के चुनाव में जीत हासिल करने में मदद मिली थी।

राजनीतिक गलियारे में चर्चा है कि चंद्रबाबू नायडू ने भी अपने बेटे नारा लोकेश को पार्टी की कमान सौंपकर तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री और बीआरएस सुप्रीमो के. चन्द्रशेखर राव के नक्शे कदम का रास्ता चुना है। केसीआर ने अपने पुत्र केटी रामराव को दिसम्बर 2018 में ही पार्टी की बागडोर सौंपते हुए कार्यकारी अध्यक्ष बना दिया था। केटीआर आज की तारीख में बीआरएस के प्रमुख चेहरा बन गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Tags