
काठमांडू, 15 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह को विश्व प्रसिद्ध टाइम मैगजीन ने वर्ष 2026 के लिए दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली व्यक्तियों की सूची में शामिल किया है। इस सूची में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति सी जिनपिंग जैसे वैश्विक नेताओं के साथ बालेन्द्र शाह भी शामिल हैं।
टाइम मैगजीन ने बालेन्द्र शाह के बारे में एक संक्षिप्त टिप्पणी भी प्रकाशित की है। इसमें उनके एक पुराने सोशल मीडिया पोस्ट का उल्लेख करते हुए लिखा गया है, “सभी राजनेता, नए और पुराने, चोर हैं,” और साथ ही यह भी कहा गया कि नेपाली जनता उम्मीद कर रही है कि वह खुद को गलत साबित करेंगे।
रिपोर्ट में बालेन शाह को 35 वर्षीय पूर्व हिप-हॉप कलाकार बताया गया है, जो अपने गीतों में भ्रष्टाचार के खिलाफ तीखे शब्दों का इस्तेमाल करते रहे हैं। उन्हें हाल ही में देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में चुना गया, और उनकी जीत को बड़े जनसमर्थन का परिणाम बताया गया है।
यह जनसमर्थन पिछले वर्ष जेन जी के नेतृत्व में हुए उग्र विरोध प्रदर्शनों से भी प्रभावित रहा, जिनका उद्देश्य पुराने और भ्रष्ट माने जाने वाले राजनीतिक ढांचे को चुनौती देना था।
बालेन्द्र शाह, जिन्हें आमतौर पर ‘बालेन’ के नाम से जाना जाता है, सिविल इंजीनियरिंग के स्नातक हैं। काठमांडू के मेयर के रूप में उन्होंने नौकरशाही की जटिलताओं को कम करते हुए कचरा प्रबंधन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार किया था।
उनका उदय न केवल युवाओं की राजनीतिक भागीदारी का प्रतीक है, बल्कि दक्षिण एशिया की पारंपरिक वंशवादी राजनीति के खिलाफ एक मजबूत संकेत भी माना जा रहा है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या बालेन शाह स्थानीय स्तर पर मिली सफलता को राष्ट्रीय स्तर पर भी दोहरा पाएंगे। नेपाली जनता की उनसे यही उम्मीद है कि वे अपनी ही कही बात को गलत साबित करें और एक अलग तरह की राजनीति का उदाहरण पेश करें।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास